- शोक संतप्त परिवार से की मुलाकात, जताई गहरी संवेदना
लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने अलीगंज अग्निकांड में दिवंगत हुई सरोजनीनगर की बेटी अनुछा राई के आवास पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए दुख की इस घड़ी में साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया।

- वेतन निधि से ₹1 लाख की आर्थिक सहायता
दिवंगत अनुछा राई के परिवार की परिस्थितियों को देखते हुए विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने अपनी वेतन निधि से ₹1 लाख की सहायता राशि का चेक उनकी माता को सौंपा। उन्होंने कहा कि यह सहयोग परिवार के प्रति संवेदना और सामाजिक दायित्व का एक छोटा प्रयास है।
- छोटे भाई की 12वीं तक शिक्षा का उठाया जिम्मा
मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए विधायक ने अनुछा राई के कक्षा 7 में अध्ययनरत छोटे भाई की शिक्षा का संपूर्ण खर्च उठाने की घोषणा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि विधायक कार्यालय की ओर से उसकी पढ़ाई की फीस नियमित रूप से जमा कराई जाएगी और कक्षा 12 तक उसकी शिक्षा में कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी।
- पहले पिता का निधन, अब बेटी को खोने का दर्द
अनुछा राई अपने पीछे माता, दो छोटी बहनों और एक छोटे भाई को छोड़ गई हैं। परिवार सरोजनीनगर के शांतिनगर, अवध विहार योजना में निवास करता है। वर्ष 2022 में भी परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा था, जब एक दुर्घटना में उनके पिता का निधन हो गया था। ऐसे में यह घटना परिवार के लिए एक और बड़ा आघात बनकर सामने आई है।
- “पूरा सरोजनीनगर परिवार पीड़ित परिवार के साथ”
इस अवसर पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि अनुछा राई का निधन केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे सरोजनीनगर परिवार की क्षति है। उन्होंने कहा कि इस अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन इस कठिन समय में पूरा सरोजनीनगर परिवार शोकाकुल परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।
- हर संभव सहयोग का दिया भरोसा
विधायक ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति मिले और भविष्य में किसी प्रकार की आवश्यकता होने पर सरोजनीनगर परिवार सदैव उनके साथ खड़ा रहे।
