योगी सरकार ने तैयार किया विकास का नया मॉडल, बाराबंकी में बनेगा प्राधिकरण, लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे कॉरिडोर से जुड़ेंगे 171 गांव

# ## Lucknow

लखनऊ, : राजधानी और उससे सटे जिलों के सुनियोजित व समग्र विकास के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में कई बड़े फैसले लिए। उन्होंने लखनऊ विकास प्राधिकरण के सीमा विस्तार के अलावा बाराबंकी में नया विकास प्राधिकरण बनाने के लिए विस्तृत प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए। अन्य विकास प्राधिकरणों की सीमा विस्तार और सभी प्राधिकरणों में स्थायी टाउन प्लानर की नियुक्ति व रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज करने को कहा है।

नियोजित विकास के लिए लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे कॉरिडोर को उन्नाव-शुक्लागंज विकास प्राधिकरण में शामिल करने के निर्देश दिए। 470 वर्ग किमी के इस क्षेत्र में 171 गांव व अचलगंज नगर पंचायत आते हैं। इसका दायरा 2015 में 4.19% से बढ़कर 2025 में 8.33% हो गया है। गाजियाबाद में 35 से 40 हजार दर्शकों की क्षमता वाला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम विकसित करने के लिए जीडीए और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) को रेवेन्यू शेयर मॉडल पर कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है।

एससीआर की क्षेत्रीय योजना-2051 का प्रारूप 30 तक

बैठक में जीआईएस आधारित क्षेत्रीय योजना-2051 की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि आमजन से आपत्तियां और सुझाव लेने के लिए योजना का प्रारूप 30 नवंबर तक तैयार कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने आपत्तियों के पारदर्शी निस्तारण के बाद अगले पांच वर्षों की परियोजनाओं की डीपीआर तेजी से तैयार करने के निर्देश दिए।

एससीआर का रोडमैप और जिलों की प्राथमिकता

लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी, उन्नाव और रायबरेली को मिलाकर 27,826 वर्ग किमी में फैले एससीआर की आबादी 2.92 करोड़ है। ये आबादी 2051 तक 4.9 करोड़ होने का अनुमान है। ₹3.58 लाख करोड़ की नॉमिनल जीडीपी के साथ यह क्षेत्र प्रदेश की अर्थव्यवस्था में 12% योगदान दे रहा है। मुख्यमंत्री ने योजना में प्रत्येक जिले की क्षमता के अनुसार विकास करने के निर्देश दिए।

• लखनऊ: अर्बन रेजिलिएंस
• रायबरेली: विनिर्माण एवं डिफेंस इंजीनियरिंग
• उन्नाव: औद्योगिक विस्तार
• बाराबंकी: कृषि-उद्योग एवं इको-टूरिज्म
• हरदोई: संडीला औद्योगिक कॉरिडोर
• सीतापुर: नैमिषारण्य के अनुरूप पर्यटन विकास