Syed Modi Badminton: पहले ही दिन भारतीय जोड़ी का बड़ा धमाका, आठवीं वरीय इंग्लैंड की जोड़ी को हराया

# ## Lucknow

लखनऊ, सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप में पहले ही दिन पुरुष युगल में भारत के साई प्रतीक-रूबन ने बड़ा उलटफेर कर दिया। इस जोड़ी ने आठवीं वरीय इंग्लैंड के एलेक्स ग्रीन-जैक रस को 17-21, 22-20, 21-19 से मात दी। महिला युगल में उत्तर प्रदेश की अमोलिका सिंह सिसोदिया-समृद्धि सिंह और श्रुति मिश्रा दूसरे दौर में पहुंच गईं। तीसरी वरीय हरिहरन आमसाकरुणन-एमआर अर्जुन ने भी जीत दर्ज की।

सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में का मंगलवार को गोमतीनगर स्थित योनेक्स-सनराइज बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में शुभारंभ हुआ। पहले दिन क्वालीफायर के बाद महिला और पुरुष युगल के पहले दौर के 24 मैच खेले गए। महिला युगल में अमोलिका और समृद्धि ने नयना एस ओएसिस-वर्षिनी विश्वनाथन को 21-13, 21-11 से सीधे गेमों में हराया। प्रदेश की श्रुति मिश्रा और मणिपुर की प्रिया कोंजेंगबाम ने साक्षी गहलावत-दिव्या आर बालासुब्रह्मण्यम को 21-10, 21-7 से शिकस्त दी। श्रेया बालाजी-प्रणवी नटराजन और मान्या रल्हान-रेशिका उथयोसूरियन की जोड़ियां भी अगले दौर में पहुंचीं। पुरुष युगल में हरिहरन-एमआर अर्जुन ने अभिनाश मोहंती-आयुष पटनायक को 21-13, 21-23, 21-9 से हराया।

सोनाली को मिली हार

महिला युगल में अदिति भट्ट-श्रवाणी वालेकर ने यूपी की सोनाली सिंह और रितिका ठाकेर को 21-15, 18-21, 21-11 से हराया। छठी वरीय मलेशियाई जोड़ी लो ज़ी यू-नोराकिला मैसराह रामदान और तीसरी वरीय यूक्रेनी जोड़ी पोलिना बुह्रोवा-येव्हेनिया कांतमिर ने भी जीत दर्ज की।

क्वालीफायर से भारतीयों ने बनाई जगह

पुरुष एकल में शाश्वत दलाल और प्रणय शेट्टीगर, महिला एकल में तन्वी पात्री और सूर्या चरिश्मा तामिरी मुख्य ड्रॉ में पहुंचे। पुरुष युगल में सूरज गोआला-निकोलस नाथन राज, आर्य ठाकोर-ध्रुव ठाकोर और आशिथ सूर्या-गणेश विट्टलजी ने क्वालीफाई किया। महिला युगल में रश्मि गणेश-अमृता प्रमुथेश, दीया भीमैया-बारुनी पार्श्वल, नेयसा करियप्पा-प्रवंधिका राघवन और रुचि चहल-लक्षिता जागलान ने जगह बनाई। मिश्रित युगल में मिथिलेश पी. कृष्णन-वर्णा प्रभुआनंद और दिव्यम अरोड़ा-श्रावणी वालेकर सहित मलेशिया और इंडोनेशिया की जोड़ियां मुख्य ड्रॉ में पहुंचीं।