बरेली,। करोड़ों साल पहले धरती पर मौजूद पेड़-पौधों और जीवों के अवशेष अब बरेली कॉलेज में विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए खास आकर्षण बनेंगे। वनस्पति विज्ञान विभाग में वर्षों से रखे दुर्लभ जीवाश्मों को सुरक्षित रखने और उनके बारे में विद्यार्थियों को विस्तार से जानकारी देने के लिए मिनी म्यूजियम तैयार किया जा रहा है। इसमें जुरासिक काल के जीवाश्मों के साथ पुराने माइक्रोस्कोप और ऐतिहासिक हर्बेरियम भी प्रदर्शित किए जाएंगे।
बरेली कॉलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग में इन दिनों रंगरोगन और उपलब्ध सामग्री को व्यवस्थित करने का काम चल रहा है। विभाग में करीब दो दर्जन जीवाश्म मौजूद हैं। इन्हें देश के अलग-अलग हिस्सों से जुटाया गया था। इनमें पौधों की श्रेणी के टेरिडोफाइट और जिम्नोस्पर्म के साथ जंतु श्रेणी के मोलस्क यानी शंख-सीप से जुड़े जीवाश्म शामिल हैं। इन पर अपर जुरासिक काल का उल्लेख है। अब तक इनका उपयोग जरूरत पड़ने पर विद्यार्थियों को वनस्पति विज्ञान का व्यावहारिक ज्ञान देने के लिए किया जाता रहा है। म्यूजियम बनने के बाद इन्हें व्यवस्थित ढंग से प्रदर्शित और संरक्षित किया जा सकेगा।
पुराने माइक्रोस्कोप और हर्बेरियम भी होंगे खास
मिनी म्यूजियम में केवल जीवाश्म ही नहीं, बल्कि विभाग की पुरानी शैक्षणिक धरोहरें भी रखी जाएंगी। विभाग में मौजूद 70 से 80 साल पुराने एंटीक माइक्रोस्कोप को भी संग्रह का हिस्सा बनाया जाएगा। इसके अलावा करीब 110 साल पुराने हर्बेरियम भी यहां प्रदर्शित होंगे। ये हर्बेरियम दूसरे देशों से मंगाए गए थे। संग्रह को और समृद्ध बनाने के लिए सप्लायर्स से बातचीत चल रही है। इनके माध्यम से प्लांट स्पेसीमेन समेत अन्य शैक्षणिक सामग्री जुटाई जाएगी।
कॉलेज परिसर के पत्थरों में भी मिले जीवाश्म
बरेली कॉलेज की ऐतिहासिक इमारत में कई जगह बलुआ पत्थरों का इस्तेमाल किया गया है। विभाग के कुछ शिक्षकों ने इन पत्थरों का अध्ययन करते हुए टेरिडोफाइट प्रजाति के पौधों के जीवाश्म भी खोजे हैं। इन्हें भी म्यूजियम में शामिल करने की योजना है।
विद्यार्थियों को समझ आएगा करोड़ों साल का प्राकृतिक बदलाव
वनस्पति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. आलोक खरे ने बताया कि लैब के अंदर ही मिनी म्यूजियम विकसित किया जा रहा है। इससे जीवाश्मों और अन्य पुरानी सामग्री का बेहतर संरक्षण हो सकेगा। साथ ही विद्यार्थी और शोधार्थी इनके अध्ययन के माध्यम से प्रकृति में करोड़ों साल के दौरान हुए बदलावों को समझ सकेंगे।
