यूपी में वोटर बनने की मची होड़! 2 दिन में मिले 6.40 लाख आवेदन, सबसे आगे रहे ये 3 जिले

# ## Lucknow

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची को दुरुस्त करने और नए वोटरों को जोड़ने की प्रक्रिया तेज हो गई है। निर्वाचन आयोग के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान यानी कि SSR 2027 के तहत बड़ी संख्या में लोग वोटर बनने के लिए आवेदन कर रहे हैं। 21 और 22 नवंबर को आयोजित विशेष अभियान के दौरान प्रदेश भर में कुल 6 लाख 40 हजार 239 फॉर्म-6 जमा हुए। इनमें 22 नवंबर को सबसे ज्यादा 3 लाख 99 हजार 218 आवेदन मिले।

17 से 23 नवंबर तक मिले 10.39 लाख आवेदन

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, 17 से 23 नवंबर के बीच प्रदेश में कुल 10 लाख 39 हजार 836 फॉर्म-6 प्राप्त हुए। खास बात यह है कि केवल दो विशेष अभियान दिवसों में ही पूरे सप्ताह के कुल आवेदनों का 61.6 प्रतिशत हिस्सा आ गया। इस अभियान के दौरान रोजाना औसतन करीब 3.2 लाख आवेदन मिले। यह अभियान शुरू होने से पहले 17 से 20 नवंबर के बीच मिलने वाले रोजाना आवेदनों के औसत से करीब 6 गुना ज्यादा है।

गाजियाबाद नंबर-1, खीरी और बाराबंकी भी आगे

जिलों के प्रदर्शन की बात करें तो गाजियाबाद पूरे प्रदेश में पहले नंबर पर रहा। यहां 17 से 23 नवंबर के बीच कुल 57,981 फॉर्म-6 जमा हुए। प्रति मतदान केंद्र आवेदन के औसत के हिसाब से भी गाजियाबाद 19.67 के साथ पहले स्थान पर रहा। इस सूची में खीरी 15.24 के औसत के साथ दूसरे और बाराबंकी 11.18 के औसत के साथ तीसरे नंबर पर रहा। इनके अलावा संभल, आगरा, सोनभद्र, कासगंज, कन्नौज, मैनपुरी और बुलंदशहर भी टॉप-10 जिलों में शामिल हैं।

जानें किन जिलों में सबसे कम आए आवेदन

नए मतदाता बनाने के मामले में उत्तर प्रदेश के कुछ जिले पीछे भी रहे। सबसे कम आवेदन वाले जिलों में बदायूं, जौनपुर, झांसी, बहराइच और हरदोई शामिल हैं। प्रति मतदान केंद्र आवेदन के औसत के हिसाब से बदायूं 2.40 के साथ सबसे नीचे रहा। जौनपुर में यह औसत 2.52 और झांसी में 2.59 रहा।

विधानसभा सीटों में भी गाजियाबाद सबसे आगे

विधानसभा क्षेत्र के हिसाब से देखें तो गाजियाबाद सीट पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर है। यहां प्रति मतदान केंद्र औसतन 24.28 फॉर्म-6 प्राप्त हुए। लोनी 22.47 के साथ दूसरे और मोदीनगर 21.23 के औसत के साथ तीसरे नंबर पर है। टॉप-10 विधानसभा क्षेत्रों में गाजियाबाद जिले की 5 और खीरी जिले की 4 सीटें शामिल हैं। इससे साफ है कि इन दोनों जिलों में नए मतदाता बनने को लेकर खास सक्रियता दिखाई दे रही है।

56 विधानसभा सीटों पर 3 से भी कम आवेदन

एक तरफ कई विधानसभा क्षेत्रों में बड़ी संख्या में आवेदन आए हैं, तो दूसरी तरफ 56 विधानसभा क्षेत्रों में प्रति मतदान केंद्र तीन से भी कम फॉर्म-6 मिले हैं। इनमें जौनपुर की 7, हरदोई की 5 और बदायूं की 5 विधानसभा सीटें शामिल हैं। सबसे कम आवेदन वाले विधानसभा क्षेत्रों में बलरामपुर की गैसड़ी सीट 1.59 के औसत के साथ सबसे नीचे है। इसके बाद बहराइच की पयागपुर सीट 1.63 और जौनपुर सीट 1.71 के औसत के साथ शामिल हैं।

प्रति मतदान केंद्र आवेदन का औसत कैसे निकाला जाता है?

प्रति मतदान केंद्र आवेदन का औसत निकालने के लिए किसी जिले या विधानसभा क्षेत्र में मिले कुल फॉर्म-6 की संख्या को वहां मौजूद कुल मतदान केंद्रों की संख्या से भाग दिया जाता है। उदाहरण के तौर पर, अगर किसी जिले में 100 मतदान केंद्र हैं और नए वोटर बनने के लिए 1,000 आवेदन मिले हैं, तो औसत 10 होगा। यानी उस जिले के हर मतदान केंद्र पर औसतन 10 आवेदन प्राप्त हुए। इसी आधार पर निर्वाचन आयोग ने जिलों और विधानसभा क्षेत्रों की रैंकिंग तय की है। इसका मतलब यह नहीं है कि हर बूथ पर इतने ही आवेदन आए हैं, बल्कि यह कुल आवेदनों का औसत है।