Pro Wrestling League 2027: जनवरी में दिल्ली में होगा कुश्ती का महादंगल, 86 पहलवानों के बीच भिड़ंत; 30 नवंबर को लगेगी बोली

# ## National

नई दिल्लीः कुश्ती के अखाड़े में एक बार फिर देश-विदेश के दिग्गज पहलवानों का दम देखने को मिलेगा। प्रो रेसलिंग लीग (PWL) के छठे सीजन का आयोजन 3 से 19 जनवरी 2027 को किाय जा रहा है। नई दिल्ली के केडी जाधव रेसलिंग एरिना में किया जाएगा। इस बार छह फ्रेंचाइजी खिताब को अपने नाम करने के लिए जोर आजमाइश करेंगी। वहीं, खिलाड़ियों की नीलामी 30 नवंबर को मुंबई के ग्रैंड हयात में होगी।

यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) के कैलेंडर में बदलाव के बाद लीग की संशोधित तारीखों का ऐलान किया गया है। शेड्यूल में बदलाव का मकसद सिर्फ अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिताओं से टकराव रोकना है, ताकि भारतीय और विदेशी पहलवान लीग में हिस्सा ले सकें।

34 अंतरराष्ट्रीय मेडलिस्ट समेत 86 पहलवान दिखाएंगे दम

सीजन-6 में कुल 86 शीर्ष पहलवानों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। इनमें 34 अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता शामिल होंगे। ओलंपिक, विश्व चैंपियनशिप, एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीत चुके पहलवानों के भी लीग में उतरने की संभावना है। ऐसे में इस बार मुकाबलों का स्तर और रोमांच दोनों बढ़ने की उम्मीद है।

लीग में छह फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी। इनमें मुंबई दंगल, हरियाणा थंडर्स, दिल्ली दंगल वॉरियर्स, महाराष्ट्र केसरी, पंजाब रॉयल्स और यूपी डॉमिनेटर्स शामिल हैं। नीलामी में सभी टीमें भारतीय और अंतरराष्ट्रीय कुश्ती के बड़े नामों को अपने साथ जोड़ने की कोशिश करेंगी।

पिछले ऑक्शन में यूई सुसाकी पर लगी थी 60 लाख की बोली

पिछली नीलामी में जापान की ओलंपिक चैंपियन यूई सुसाकी सबसे महंगी पहलवान बनी थीं। उनके लिए 60 लाख रुपये की विजयी बोली लगी थी। वहीं, भारत के अमन सेहरावत, अंतिम पंघाल और सुजीत कलकल भी बड़ी खरीद में शामिल रहे थे। इनमें से प्रत्येक के लिए 50 लाख रुपये से अधिक की बोली लगाई गई थी।

चेयरमैन बोले- अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर के अनुरूप होगा आयोजन

पीडब्ल्यूएल के चेयरमैन दयान फारूकी ने कहा कि यूडब्ल्यूडब्ल्यू कैलेंडर में बदलाव के बाद सीजन-6 को 3 से 19 जनवरी 2027 तक पुनर्निर्धारित किया गया है। 30 नवंबर को होने वाली नीलामी में दुनिया के बेहतरीन पहलवानों के साथ भारत के शीर्ष खिलाड़ी भी शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि लीग का उद्देश्य पहलवानों को उच्चस्तरीय प्रतिस्पर्धा का मंच देना और दर्शकों को रोमांचक मुकाबलों का अनुभव कराना है। वहीं, पीडब्ल्यूएल के सीईओ अखिल गुप्ता के मुताबिक, 34 अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं समेत 86 पहलवानों की भागीदारी से प्रतियोगिता का स्तर बेहतर होगा।