लव-कुश की जन्मस्थली के रूप में विख्यात इकौना के ऐतिहासिक सीताद्वार में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पांच दिवसीय मेले का भव्य आगाज हो गया है। सोमवार मध्यरात्रि श्रावस्ती विधायक राम फेरन पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर मेले का औपचारिक शुभारंभ किया, जिसके साथ ही पूरे क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक रौनक बढ़ गई है।
सीता सरोवर में सुबह से ही स्नान व पूजा-अर्चना के लिए उमड़ी भीड़
मेले के पहले दिन भोर व सुबह से ही सीता सरोवर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और दूर-दराज के इलाकों से आए भक्तों ने आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की। धार्मिक जयकारों और भजन-कीर्तन के बीच सीताद्वार परिसर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है तथा आयोजन के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस व पीएसी मुस्तैद, मेले की तैयारियां पूरी
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मेला क्षेत्र में पुलिस प्रशासन और पीएसी के जवानों को मुस्तैद किया गया है। भीड़ नियंत्रण, आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि श्रद्धालु सुगमता से स्नान और दर्शन कर सकें।
