MLA Convoy Crash: चंदौली में भाजपा विधायक सुशील सिंह के काफिले की दो गाड़ियों में स्कॉर्पियो की टक्कर, एक गाड़ी पलटी

# ## UP

चंदौली, अमृत विचार: जिला मुख्यालय के फुटिया और जगदीशसराय के पास सोमवार देर रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने भाजपा विधायक सुशील सिंह के काफिले में शामिल दो फॉर्च्यूनर गाड़ियों को टक्कर मार दी, जिससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और एक फॉर्च्यूनर सड़क पर पलट गई। हादसे के समय विधायक सुशील सिंह भी काफिले में मौजूद थे, हालांकि उनके वाहन को कोई नुकसान नहीं पहुंचा, जबकि काफिले में शामिल कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं और स्कॉर्पियो सवार सैयदराजा क्षेत्र के मनराजपुर निवासी पंकज गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे बाबा कीनाराम स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

फुटिया में टक्कर के बाद भागते समय जगदीशसराय में दूसरी गाड़ी से भिड़ी स्कॉर्पियो

बताया जा रहा है कि विधायक का काफिला जिला मुख्यालय की ओर जा रहा था, तभी फुटिया के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने काफिले में चल रही एक फॉर्च्यूनर में जोरदार टक्कर मार दी जिससे वह सड़क पर पलट गई। इसके बाद स्कॉर्पियो चालक ने मौके से भागने की कोशिश की और आगे जगदीशसराय के पास काफिले की दूसरी फॉर्च्यूनर को भी टक्कर मार दी जिससे वह भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।

विधायक ने लगाया सुनियोजित हमले का आरोप, कोतवाली पुलिस कर रही पड़ताल

विधायक सुशील सिंह ने इस पूरी घटना को सुनियोजित हमला करार देते हुए आरोप लगाया है कि काफिले को निशाना बनाकर टक्कर मारी गई है। दूसरी ओर कोतवाली पुलिस घटनास्थल और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से पड़ताल करते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।