समाजवादी पार्टी ने प्रदेश की मतदाता सूची में करीब एक लाख डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम दर्ज होने का दावा किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने सोमवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर इन संदिग्ध व दोहरे नामों का सत्यापन कराकर सूची से हटाने की मांग की है, साथ ही डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान करने पर घोषित नकद पुरस्कार भी पार्टी को दिए जाने की मांग उठाई है।
403 विधानसभा क्षेत्रों के 13.58 करोड़ मतदाताओं की जांच का दावा
ज्ञापन सौंपने गए प्रतिनिधिमंडल में शामिल सपा के प्रदेश सचिव केके श्रीवास्तव के अनुसार पार्टी ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों के 1.73 लाख से अधिक पोलिंग बूथों पर दर्ज 13.58 करोड़ मतदाताओं के विवरण की जांच की है। इस जांच में करीब एक लाख ऐसे मतदाता चिह्नित किए गए हैं जिनका नाम, पिता या पति का नाम, पता और आयु समान है, लेकिन उनके ईपिक नंबर अलग-अलग हैं, जिसका विधानसभा और जनपदवार पूरा विवरण चुनाव आयोग को ईमेल के माध्यम से भेज दिया गया है।
11 नवंबर की घोषणा के आधार पर मांगा नकद पुरस्कार
पार्टी की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने 11 नवंबर को डुप्लीकेट मतदाता खोजने वाले राजनीतिक दलों और व्यक्तियों को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की थी। ऐसे में सबसे पहले प्रमाणित सूची सौंपने के आधार पर यह पुरस्कार समाजवादी पार्टी को प्रदान किया जाए, जबकि ज्ञापन देने वाले प्रतिनिधिमंडल में डॉ. हरिश्चन्द्र सिंह और राधेश्याम सिंह भी मौजूद रहे।
