पुलिस झंडा दिवस पर सीएम योगी ने पुलिसकर्मियों के साहस और बलिदान को किया याद, DGP राजीव कृष्ण ने लगाया पुलिस फ्लैग

# ## Lucknow

 उत्तर प्रदेश में सोमवार को पुलिस झंडा दिवस मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस बल के कर्तव्यपरायणता, अदम्य साहस, अनुशासन, त्याग और बलिदान के संकल्प को याद किया। वहीं, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने पुलिस कलर (झंडा) लगाया।

इस मौके पर डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि 23 नवंबर 1952 को तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस को ध्वज और पुलिस कलर प्रदान किया था। उत्तर प्रदेश पुलिस देश का पहला पुलिस बल था, जिसे यह सम्मान प्राप्त हुआ था। उन्होंने कहा कि पुलिस झंडा दिवस हमें अपने कर्तव्यों, लक्ष्यों और उन उद्देश्यों की याद दिलाता है, जिन्हें हासिल करने के लिए पुलिस बल लगातार प्रयासरत रहता है।

पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को दी शुभकामनाएं

इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के सभी पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के प्रति आभार जताते हुए शुभकामनाएं दीं। डीजीपी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराधियों के मन में कानून का भय पैदा करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस बल इसी भावना और प्रतिबद्धता के साथ दोगुनी शक्ति से आगे भी अपने दायित्वों का निर्वहन करता रहेगा।

क्यों खास है पुलिस झंडा दिवस?

पुलिस झंडा दिवस पुलिस बल के सम्मान, पहचान और गौरव से जुड़ा अवसर है। यह पुलिसकर्मियों को उनकी जिम्मेदारियों और जनसेवा के संकल्प की याद दिलाता है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने से लेकर नागरिकों की सुरक्षा तक, पुलिसकर्मी अलग-अलग परिस्थितियों में अपनी ड्यूटी निभाते हैं। ऐसे में यह दिवस उनके साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर बनता है।