UP Politics : सियासी दलों को चाहिए डिजिटल के धुरंधर, जानें क्या है भर्ती की प्रकिया

# ## Lucknow UP

चुनावी राजनीति में अब केवल भीड़ जुटाने वाले कार्यकर्ताओं की ही जरूरत नहीं रह गई है। राजनीतिक दलों को ऐसे युवाओं की तलाश है, जो मोबाइल और सोशल मीडिया के दम पर पार्टी की बात लोगों तक पहुंचा सकें। चुनावी तैयारियों के बीच दल अपने मीडिया और सोशल मीडिया सेल को मजबूत करने में जुटे हैं। इसके लिए युवाओं की भर्ती में शैक्षिक योग्यता और राजनीतिक अनुभव के साथ उनकी डिजिटल लोकप्रियता भी परखी जा रही है।

फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और एक्स पर कितने फॉलोअर्स हैं, पोस्ट पर कितने लाइक-कमेंट आते हैं और कितने लोग उसे शेयर करते हैं, इसका ब्योरा भी बायोडाटा में मांगा जा रहा है। आवेदकों से सोशल मीडिया अकाउंट के लिंक और प्रोफाइल का प्रिंटआउट तक मांगा जा रहा है। यानी अब सियासी जिम्मेदारी पाने के लिए डिजिटल ताकत का प्रमाण भी देना पड़ रहा है।

राजनीतिक दल सोशल मीडिया मैनेजर, कंटेंट राइटर, वीडियो एडिटर, ग्राफिक डिजाइनर, डिजिटल कैंपेनर और आईटी सेल के लिए युवाओं की तलाश कर रहे हैं। लखनऊ में राजनीतिक अभियानों से जुड़ी एजेंसियां भी ऐसे पदों पर भर्तियां कर रही हैं। इन पदों के लिए रचनात्मकता, राजनीतिक समझ और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अनुभव अहम माना जा रहा है।

भर्ती में यह भी देखा जा रहा है कि युवा किसी राजनीतिक मुद्दे पर कितनी जल्दी आकर्षक सामग्री तैयार कर सकता है। पार्टी के कार्यक्रमों की तस्वीरों और वीडियो को पोस्ट में बदलना, रील बनाना, ट्रेंडिंग विषयों की पहचान करना और लोगों की प्रतिक्रियाओं का विश्लेषण करना भी काम का हिस्सा है।

दरअसल, सोशल मीडिया सेल अब केवल पोस्ट डालने तक सीमित नहीं है। पार्टी के संदेश और राजनीतिक गतिविधियों को डिजिटल माध्यम से लोगों तक पहुंचाने में इसकी भूमिका बढ़ी है। चुनाव आयोग के नियमों के तहत राजनीतिक विज्ञापनों के प्रमाणन और डिजिटल खर्च का हिसाब रखने की जिम्मेदारी भी पेशेवर टीमों की जरूरत बढ़ाती है।

भाजपा ने घोषित की आईटी और सोशल मीडिया की नई टीम

भाजपा ने आईटी और सोशल मीडिया की नई टीम घोषित कर दी है। नई टीम के गठन का उद्देश्य पार्टी के डिजिटल प्रचार अभियान को गति देना और संगठन की गतिविधियों एवं कार्यक्रमों को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। इसके साथ ही विधानसभा और मंडल स्तर पर आईटी व सोशल मीडिया से जुड़े कार्यों को अधिक सक्रिय, व्यवस्थित और मजबूत बनाने की जिम्मेदारी नवनियुक्त पदाधिकारियों को दी गई है

केस-1 : फॉलोअर कम होने पर रिजेक्ट हुए सुयश

सीतापुर के मिश्रिख क्षेत्र के रहने वाले सुयश कुमार ने एक राजनीतिक पार्टी के मीडिया सेल में नौकरी के लिए आवेदन किया था। सुयश का कहना है कि पार्टी कार्यालय से उसे कॉल आई। कॉल पर सबसे पहले उससे यही पूछा गया कि उसके सोशल मीडिया पर फॉलोअर कितने हैं? सुयश ने बताया कि फेसबुक पर उसके करीब दो हजार फॉलोअर हैं। वह सोशल मीडिया पर एक्टिव है और अच्छे वीडियो भी बना लेता है। इसके बावजूद उसे यह कहकर रिजेक्ट कर दिया गया कि अभी अपने सोशल साइट्स को और एक्टिव करिए।