डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय इकोनॉमी की तारीफ की, अपने ही देश के फेड रिजर्व पर साधा निशाना

# ## International

वॉशिंगटन डीसी: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय अर्थव्यवस्था की तारीफ करते हुए अपने ही देश के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व पर निशाना साधा है। ट्रंप ने भारत की कम ब्याज दरों और 7 फीसदी की आर्थिक विकास दर का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिका भी इसी तरह की नीति अपनाए तो उसकी GDP ग्रोथ 14, 15 या यहां तक कि 20 फीसदी तक पहुंच सकती है। उन्होंने अमेरिकी फेडरल रिजर्व पर ब्याज दरों को लेकर राजनीतिक रवैया अपनाने का आरोप लगाया। बता दें कि कुछ दिन पहले ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी तारीफ करते हुए उन्हें ‘टफ मैन’ कहा था।

‘अच्छे आर्थिक आंकड़ों पर ब्याज दरें बढ़ा देते हैं’

ट्रंप ने आरोप लगाया कि जब भी अमेरिका अच्छे आर्थिक आंकड़े पेश करता है, फेडरल रिजर्व ब्याज दरें बढ़ा देता है। उनके मुताबिक, ऐसा करने के बजाय केंद्रीय बैंक को ब्याज दरें कम करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब देश की आर्थिक स्थिति बेहतर हो रही हो तो ब्याज दरें घटाई जानी चाहिए, क्योंकि इससे देश की कर्ज चुकाने की क्षमता भी बेहतर होती है। ट्रंप ने कहा,

‘हम इसके बिल्कुल उलट करते हैं। हम ऐसा करके देश को नुकसान पहुंचाते हैं। जब हमारे आर्थिक आंकड़े इतने अच्छे होते हैं, तब आपको ब्याज दरें बढ़ाते नहीं रहना चाहिए। आपको ब्याज दरें कम करनी चाहिए, क्योंकि हमारी कर्ज चुकाने की क्षमता बेहतर होती है। हमारी जीडीपी 4 फीसदी नहीं, बल्कि 15 या 20 फीसदी हो सकती है। हम अपना कर्ज बहुत तेजी से चुका सकते हैं। यही तरीका होना चाहिए, लेकिन हम इसके उलट कर रहे हैं।’

‘अमेरिका में सबसे कम ब्याज दरें होनी चाहिए’

अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा कि दुनिया की अर्थव्यवस्था में अमेरिका की अहम भूमिका है। उनके मुताबिक, अमेरिका दूसरे देशों की अर्थव्यवस्थाओं को सफल बनाने में मदद करता है। उन्होंने कहा कि कुछ देश खुद को आर्थिक रूप से बहुत ताकतवर मानते हैं, लेकिन उनकी सफलता में अमेरिका का बड़ा योगदान है। इसलिए अमेरिका में ब्याज दरें दुनिया के दूसरे देशों के मुकाबले सबसे कम होनी चाहिए। ट्रंप ने कहा,

‘हम वह देश हैं जो दूसरे देशों को सफल बनाता है। उनमें से कुछ को आर्थिक रूप से बहुत बड़ा माना जाता है, लेकिन वे वास्तव में ऐसे नहीं हैं। वे सिर्फ हमारी वजह से बड़े हैं। इसलिए हमारे यहां ब्याज दरें सबसे कम होनी चाहिए।’

अमेरिका में महंगाई भी फेड के लिए चुनौती

ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब अमेरिका में महंगाई दर फेडरल रिजर्व के 2 फीसदी के तय लक्ष्य से ऊपर बनी हुई है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर में पर्सनल कंजम्पशन एक्सपेंडिचर (PCE) महंगाई दर 3.6 फीसदी रही। वहीं, खाने-पीने की चीजों और ऊर्जा की कीमतों को हटाकर देखी जाने वाली कोर PCE महंगाई दर 3.1 फीसदी दर्ज की गई। फेडरल रिजर्व महंगाई को नियंत्रित रखने के लिए ब्याज दरों का इस्तेमाल करता है। ट्रंप लगातार उसकी नीतियों की आलोचना करते रहे हैं।