शहर के इलेक्ट्रॉनिक मार्केट में कूड़े के ढेर जलाए जाने से आसपास रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ रही है। नगर निगम के पश्चिमी गेट से सिकलापुर चौराहा होते हुए नावल्टी चौराहे तक कुछ दुकानदार सड़क किनारे थर्माकोल, प्लास्टिक, रस्सियां और अन्य कबाड़ फेंककर आग लगा देते हैं। इससे उठने वाला जहरीला धुआं आसपास के घरों तक पहुंच रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कचरा जलाने के साथ ही नालियों में भी कूड़ा डाला जा रहा है। इससे जलनिकासी प्रभावित हो रही है और गंदगी की समस्या बनी हुई है। मामले को लेकर पार्षद जयप्रकाश राजपूत ने नगर आयुक्त को पत्र भेजा है।
उन्होंने कूड़ा जलाने और नालियों में कचरा डालने वालों पर जुर्माना लगाने, क्षेत्र की नालियों की सफाई कराने और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
