सीमित संसाधनों में बड़े लक्ष्य हासिल करना ही सफल प्रबंधन : डॉ. राजेश्वर सिंह

Lucknow
  • नौकरी तलाशने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें युवा; OJAS 2026 में विद्यार्थियों को बताए सफलता और नेतृत्व के मंत्र

लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने जयपुरिया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, लखनऊ में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक एवं प्रबंधन महोत्सव ‘OJAS 2026’ में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। ‘MULTIVERSE’ थीम पर आधारित महोत्सव में विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और प्रबंधन कौशल को प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

  • कुंभ प्रबंधन से जनसेवा तक साझा किए अनुभव

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सीमित संसाधनों में बड़े लक्ष्य हासिल करना ही सफल प्रबंधन है। वर्ष 2001 के महाकुंभ का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि 10 करोड़ से अधिक लोगों की सहभागिता वाले आयोजन में जमीनी स्तर पर समस्याओं को समझना और बेहतर टीम प्रबंधन सफलता का आधार बना। उन्होंने ईडी और पुलिस सेवा के अनुभव साझा करते हुए समय प्रबंधन, टीमवर्क और निर्णायक नेतृत्व का महत्व समझाया।

  • युवा बनें रोजगार देने वाले

उन्होंने बताया कि सीमित कर्मचारियों के बावजूद उनके विधायक कार्यालय से साढ़े चार वर्षों में 19 हजार से अधिक पत्र जारी किए गए हैं। युवाओं से नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजन करने वाला बनने का आह्वान करते हुए उन्होंने ब्रह्मोस, इलेक्ट्रिक बस निर्माण इकाई, एयरो सिटी और प्रस्तावित एआई सिटी जैसी संभावनाओं का उल्लेख किया। कार्यक्रम में संस्थान की निदेशक डॉ. सुषमा विष्णानी सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। स्टैंडअप कॉमेडियन रजत चौहान की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही।