गरीबी के दिनों में दोनों ने साथ मजदूरी की, मुश्किल वक्त में एक-दूसरे का सहारा बने और मेहनत के दम पर करोड़ों का कारोबार खड़ा कर लिया। लेकिन जब जमीन और फसल के बंटवारे की बारी आई तो रिश्तों में ऐसी दरार पड़ी कि 6 महीने तक दोनों भाइयों ने एक-दूसरे से बात तक नहीं की। मामला पुलिस थाने पहुंचा तो वहां कुछ ऐसा हुआ कि सालों पुरानी यादों ने नफरत की दीवार ढहा दी। कभी एक-दूसरे का चेहरा देखना पसंद नहीं करने वाले दोनों भाई गले लगकर फूट-फूटकर रोने लगे। यह भावुक नजारा देखकर परिवार की महिलाओं की आंखें भी भर आईं।
यह मामला उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के थरियांव थाना क्षेत्र के एकारी गांव का है। यहां रहने वाले राकेश चंद्र श्रीवास्तव और उनके छोटे भाई रमेश चंद्र श्रीवास्तव के बीच जमीन और धान की फसल के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों के बीच मनमुटाव इतना बढ़ गया कि बातचीत पूरी तरह बंद हो गई। आखिरकार विवाद पुलिस अधिकारियों तक पहुंच गया।
गरीबी में साथ किया संघर्ष
बताया जाता है कि दोनों भाइयों का बचपन बेहद गरीबी में बीता था। परिवार की जरूरतें पूरी करने के लिए दोनों ने मजदूरी की और करीब 15 साल पहले बेहतर जिंदगी की तलाश में बेंगलुरु चले गए। वहां दिन-रात मेहनत कर अपना कारोबार खड़ा किया। धीरे-धीरे उनकी आर्थिक स्थिति सुधरी और दोनों ने करोड़ों की संपत्ति बना ली। लेकिन जिस जमीन और परिवार के लिए दोनों ने मिलकर संघर्ष किया था, उसी के बंटवारे को लेकर उनके बीच दुश्मनी हो गई। छोटे भाई रमेश का आरोप था कि उसके हिस्से की 13 बीघा जमीन, एक ट्यूबवेल और धान की पूरी फसल पर बड़े भाई राकेश ने कब्जा कर लिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
थाने में बचपन की यादों ने पिघला दिया दिल
मामले को सुलझाने के लिए गुरुवार को थरियांव थाना प्रभारी शमशेर बहादुर ने दोनों भाइयों को थाने बुलाया। उन्होंने दोनों की अलग-अलग शिकायतें सुनने के बजाय उन्हें साथ बैठाकर समझाने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें याद दिलाया कि किस तरह दोनों ने गरीबी के दौर में एक-दूसरे का हाथ थामकर जिंदगी की मुश्किलों का सामना किया था। जिन भाइयों ने कभी खाली हाथ से शुरुआत कर इतनी बड़ी कामयाबी हासिल की, वे आज जमीन के विवाद में एक-दूसरे से दूर हो गए हैं। बस फिर क्या था, पुरानी यादों ने दोनों का दिल बदल दिया। छह महीने से एक-दूसरे से नाराज चल रहे भाई अचानक गले मिले और फूट-फूटकर रोने लगे। यह देखकर वहां मौजूद उनकी पत्नियां भी अपने आंसू नहीं रोक सकीं। थाने का माहौल कुछ देर के लिए बेहद भावुक हो गया।
छोटे भाई को वापस मिली जमीन और फसल
पुलिस की समझाइश के बाद दोनों भाइयों ने आपसी सहमति से विवाद खत्म करने का फैसला किया। रमेश श्रीवास्तव के मुताबिक, उनके बड़े भाई ने उन्हें चार बीघा धान की फसल काटने के लिए दी और पूरी जमीन भी उनके हिस्से में देने पर सहमति जताई। रमेश ने इस फैसले पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आज उन्हें उनकी जमीन के साथ-साथ उनका भाई भी वापस मिल गया है।
