Dev Deepawali 2026 : शिव भजनों की धुन, आसमान में रंगीन आकृतियां और ग्रीन आतिशबाजी, देव दीपावली पर जगमगाएगी काशी

# ## Varanasi Zone

देव दीपावली पर इस बार काशी के घाटों की आभा के साथ गंगा पार का आसमान भी रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाएगा। योगी सरकार ने पर्व को भव्य स्वरूप देने के लिए ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो, लेजर और संगीत का विशेष संयोजन तैयार किया है। मंगलवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार के सामने गंगा पार रेती पर रात 8:30 से 8:40 बजे तक 10 मिनट का शो प्रस्तावित है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के मुताबिक, शिव भजनों की धुन पर आतिशबाजी होगी। ‘हर-हर महादेव शंभू’, ‘डमरू बजाया भोलेनाथ ने’, ‘शिव तांडव स्तोत्रम्’, ‘मेरा भोला है भंडारी’ और ‘महाकाल’ समेत नौ-दस ट्रैक के साथ आसमान में आकर्षक आकृतियां और रंगीन पैटर्न नजर आएंगे।आयोजकों के अनुसार शो में विशेष आठ इंच के आतिशबाजी शेल्स इस्तेमाल किए जाएंगे। इनके गोले करीब 500 से 600 फीट की ऊंचाई तक पहुंचेंगे, जबकि आतिशबाजी का फैलाव जमीन से करीब 1200 फीट और आसमान में 1600 से 1800 फीट तक होगा। दावा है कि ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स प्रदूषण रहित तकनीक से तैयार किए गए हैं।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम

पूर्णिमा की रात लेजर शो, संगीत और आतिशबाजी के साथ गंगा के जल में पड़ने वाला रोशनी का प्रतिबिंब काशी के उत्सव को और भव्य बनाएगा। घाटों पर 11 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और घाटों पर भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए हैं।