सपा मुखिया अखिलेश यादव के अग्निवीर योजना को हमेशा के लिए खत्म करने संबंधी बयान पर कांग्रेस के वारिष्ठ नेता अजय राय ने समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना देश के हित में नहीं हैं इसे खत्म कर सेना का पुराना गौरव फिर से स्थापित किया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने यूपी की कानून-व्यवस्था, ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने और संविधान दिवस पर कांग्रेस की प्रस्तावित यात्रा को लेकर भी भाजपा की डबल इंजन सरकार पर निशाना साधा।
अजय राय ने एक न्यूज एजेंसी से बातचीत के दौरान कहा कि सेना में जाने वाला युवा नौकरी के लिए नहीं, बल्कि समर्पण के भाव से देश और मिट्टी की सेवा करने जाता है। उन्होंने कहा कि इसलिए अग्निवीर योजना खत्म होनी चाहिए और सेना का गौरव फिर से स्थापित किया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, सेना की पुरानी व्यवस्था कांग्रेस के समय में बनाई गई थी।
योगी सरकार पर लगाए जंगलराज के आरोप
प्रधानमंत्री मोदी के यूपी में कानून का राज होने के दावे पर पलटवार करते हुए अजय राय ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी के क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी पर युवती के साथ दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को इस घटना की जानकारी है या नहीं, यह पूछा जाना चाहिए। उन्होंने गाजियाबाद, जौनपुर और चकिया में बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में जंगलराज चल रहा है। अजय राय ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को दुष्कर्मियों का प्रदेश बना दिया है।
ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर देने पर मांगा जवाब
ओवैसी और भाजपा के बीच मिलीभगत का आरोप लगाते हुए अजय राय ने कहा कि ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने सवाल किया कि आखिर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर क्यों दिया गया? अजय राय के मुताबिक, इससे साबित होता है कि भाजपा सरकार ओवैसी की मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि ओवैसी विपक्ष में रहकर भाजपा के खिलाफ बोलते हैं और वोट बांटने का काम करते हैं। इसके बावजूद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने पर सरकार को अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने ओवैसी से भी इस बारे में जवाब देने की मांग की।
संविधान दिवस पर कांग्रेस निकालेगी संविधान बचाओ यात्रा
26 नवंबर को संविधान दिवस पर कांग्रेस की ओर से संविधान बचाओ यात्रा निकाले जाने के सवाल पर अजय राय ने कहा कि संविधान को पूरी तरह ध्वस्त किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले प्रशासन और कार्यपालिका अदालत के फैसले का इंतजार करती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं हो रहा है।
उन्होंने कहा कि बुलडोजर चलाकर लोगों के घर, मंदिर और मस्जिद गिराए जा रहे हैं। यहां तक कि लोगों को बुलडोजर से कुचले जाने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। अजय राय ने सवाल किया कि यह कैसा राज्य है और आरोप लगाया कि संवैधानिक व्यवस्था को समाप्त किया जा रहा है।
