अचानक सायरन गूंजा और देखते ही देखते रोशनी गुल हो गई। चारों तरफ अंधेरा छा गया। कहीं आग की लपटें उठने लगीं तो कहीं घायल पड़े लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू टीमें दौड़ पड़ीं। कोई आग बुझाने में जुटा था तो कोई स्ट्रेचर पर घायलों को अस्पताल पहुंचा रहा था।
दीवार काटकर लोगों को बाहर निकालने से लेकर सीपीआर देने तक का अभ्यास किया गया। यह किसी वास्तविक हवाई हमले का मंजर नहीं, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए आयोजित मॉक ड्रिल थी।
रविवार शाम बरेली, शाहजहांपुर, रामपुर और पीलीभीत में अलग-अलग स्थानों पर ब्लैकआउट और हवाई हमले से बचाव का अभ्यास किया गया। इसमें पुलिस, अग्निशमन, नागरिक सुरक्षा, स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ, एनसीसी और अन्य संबंधित विभागों की टीमों ने हिस्सा लिया।
पुलिस लाइन में 11 मिनट तक ब्लैकआउट, दीवार काटकर निकाले गए लोग
बरेली की पुलिस लाइन में नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से हवाई हमले से बचाव और प्रकाश प्रतिबंध यानी ब्लैकआउट का अभ्यास किया गया। शाम 5:50 बजे एयरफोर्स स्टेशन से हॉटलाइन पर दुश्मन के लड़ाकू विमानों के सीमा में प्रवेश की सूचना मिली। इसके बाद 5:58 बजे एयर रेड का संदेश जारी हुआ और छह बजे सायरन बजते ही ब्लैकआउट कर दिया गया।
सिविल डिफेंस के वार्डन और स्वयंसेवकों ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू किया। इस दौरान पेट्रोल, लकड़ी, गैस सिलेंडर और मकान में लगी आग बुझाने का प्रदर्शन किया गया। एसडीआरएफ ने फ्लाइंग फॉक्स रेस्क्यू, एनसीसी ने स्ट्रेचर ड्रिल और दीवार काटकर फंसे लोगों को निकालने का अभ्यास किया।
होमगार्ड ने ब्लैंकेट रेस्क्यू का प्रदर्शन किया। घायलों को अस्थायी चिकित्सा शिविर में पहुंचाया गया। शाम 6:09 बजे ऑल क्लियर का संकेत दिया गया। इस दौरान एडीएम सिटी डॉ. अविनाश त्रिपाठी, एसपी सिटी चिराग जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, मेयर उमेश गौतम और मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
एनसीसी कैडेट्स ने भी सीखा आपात स्थिति से निपटना
बरेली कॉलेज की ए कंपनी के 30 एनसीसी कैडेट्स ने भी पुलिस लाइन में आयोजित ब्लैकआउट अभ्यास में हिस्सा लिया। कैडेट्स को हवाई हमले के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, ब्लैकआउट की प्रक्रिया और आग बुझाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
