अलंकार अग्निहोत्री पर शिकंजा! विभागीय जांच में तीनों आरोप साबित

# ## Bareilly Zone
बरेली, । यूजीसी के विरोध में इस्तीफा देकर चर्चा में आए बरेली के निलंबित सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उनके खिलाफ हुई विभागीय जांच में तीनों आरोप सही पाए गए हैं। जांच अधिकारी और बरेली मंडल के मंडलायुक्त शंभु कुमार ने जांच रिपोर्ट शासन को भेज दी है। अब आगे की कार्रवाई शासन स्तर से तय होगी। उधर, अलंकार अग्निहोत्री ने सोशल मीडिया पर फिर पोस्ट कर सरकार से उन्हें बर्खास्त करने की मांग की है।

26 जनवरी 2026 को यूजीसी के विरोध में मुखर होकर इस्तीफा भेजने वाले अलंकार अग्निहोत्री लगातार सुर्खियों में हैं। शासन ने उनके आचरण और नियमों के उल्लंघन के आरोप में उन्हें प्रदर्शन के दौरान ही निलंबित कर दिया था। इसके बाद उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए थे। जांच की जिम्मेदारी बरेली मंडल के मंडलायुक्त शंभु कुमार को सौंपी गई थी।

जांच के दौरान इस्तीफे, सार्वजनिक बयानों और डीएम आवास पर किए गए धरना-प्रदर्शन समेत विभिन्न बिंदुओं की पड़ताल की गई। जांच में पद पर रहते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने, अधिकारी रहते हुए वर्ग विशेष को लेकर टिप्पणी करने और इस्तीफा स्वीकार होने से पहले डीएम आवास पर धरना-प्रदर्शन करने के आरोप सही पाए गए। मंडलायुक्त ने जांच पूरी कर रिपोर्ट शासन को भेज दी है।