चुनाव से पहले नकदी और शराब पर शिकंजे की तैयारी, संवेदनशील इलाकों पर रहेगी नजर

# ## Bareilly Zone
चुनाव में मतदाताओं को नकदी, शराब या अन्य प्रलोभन सामग्री के जरिए प्रभावित करने की कोशिशों पर प्रशासन की नजर रहेगी। विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बरेली में अभी से ऐसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए पिछले चुनावों के अनुभव के आधार पर संवेदनशील इलाकों को चिह्नित किया जाएगा और वहां निगरानी बढ़ाई जाएगी।

सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में जिला इंटेलिजेंस कमेटी की बैठक हुई। इसमें पुलिस समेत विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों को चुनाव को निष्पक्ष और स्वच्छ तरीके से संपन्न कराने के लिए आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि पिछले चुनावों में सामने आई गतिविधियों के आधार पर उन क्षेत्रों की पहचान की जाए, जहां नकदी, शराब या अन्य प्रलोभन सामग्री पहुंचाए जाने की आशंका रहती है।उन्होंने पुलिस अधिकारियों से सभी थाना और चौकी प्रभारियों को सक्रिय रखने तथा आबकारी विभाग के साथ समन्वय बनाकर निगरानी करने को कहा। आयकर और जीएसटी विभाग को संदिग्ध नकदी और व्यापारिक गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। वहीं, एलडीएम को बैंकों में असामान्य नकदी जमा और निकासी के साथ संदिग्ध खातों के लेनदेन की जांच कराने को कहा गया। बैठक में एडीएम संतोष कुमार सिंह, एसपी सिटी चिराग जैन समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।