रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, सर्वे रिपोर्ट तैयार होने के बाद इसे मंडलीय मुख्यालय भेजा जाएगा। इसके बाद अगले चरण में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। नई रेल लाइन निर्माणाधीन रिंग रोड के समानांतर बिछाने की योजना है। इसका इस्तेमाल नॉनस्टॉप यात्री ट्रेनों के साथ बरेली होकर गुजरने वाली मालगाड़ियों के संचालन में भी किया जाएगा।
रेलवे के सामने मालगाड़ियों का सुगम संचालन बड़ी चुनौती बन गया है। कोविड के बाद बरेली-रामपुर रेलखंड पर मालगाड़ियों की संख्या प्रतिदिन 35 से 40 से बढ़कर करीब 70 से 80 तक पहुंच गई है। इसके अलावा यात्री ट्रेनों का दबाव भी लगातार बना हुआ है। शहर के बीच से गुजरने वाली मौजूदा रेल लाइन के आसपास घनी आबादी और कॉलोनियां विकसित हो चुकी हैं। ऐसे में अतिरिक्त ट्रैक बिछाने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं है। इसी वजह से शहर के बाहर बाईपास रूट तैयार करने की योजना बनाई गई है।
सीएमआई मोहम्मद इमरान ने बताया कि सर्वे पूरा कर लिया गया है। जल्द ही रिपोर्ट मंडल मुख्यालय भेजी जाएगी। इसके बाद भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
न्यू बरेली जंक्शन से जुड़ेंगी कई रेल लाइनें
बुखारा और रामगंगा के बीच प्रस्तावित न्यू बरेली जंक्शन इस परियोजना का अहम हिस्सा होगा। यहां से बरेली-चंदौसी-अलीगढ़ और बरेली-कासगंज-मथुरा रेल मार्गों को जोड़ने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। इससे ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग मिल सकेगा। साथ ही परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र से माल ढुलाई भी आसान होगी। सर्वे और रूट का नक्शा तैयार होने के बाद रिपोर्ट मुरादाबाद स्थित रेलवे के मंडलीय मुख्यालय भेजने की तैयारी है। इसके बाद जमीन की उपलब्धता, तकनीकी स्वीकृति और अन्य औपचारिकताओं पर काम होगा। परियोजना को वर्ष 2031 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र को भी मिलेगा नया रेल मार्ग
प्रस्तावित बाईपास रेल ट्रैक से परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र को भी जोड़ा जाएगा। नई लाइन सीबीगंज, बरेली जंक्शन और कैंट स्टेशन को बाईपास करेगी। इससे दिल्ली-लखनऊ मुख्य रेल मार्ग पर चलने वाली ट्रेनों को शहर के बीच से गुजारने की जरूरत कम होगी।
