रमाबाई आंबेडकर मैदान में 26 नवंबर को प्रस्तावित आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और एआईएमआईएम की संयुक्त महारैली के मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। रैली सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक होगी। इसके चलते यातायात पुलिस ने सुबह आठ बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक (आवश्यकतानुसार) डायवर्जन लागू करने का निर्णय लिया है। इस दौरान कई मार्गों पर भारी वाहनों और यात्री बसों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
डीसीपी यातायात अनिल यादव के मुताबिक, बिजली पासी किला चौराहे से बिजनौर स्थित रमाबाई आंबेडकर मैदान की ओर आने वाले भारी वाहन और यात्री बसें स्मृति उपवन आशियाना चौराहे या रुचि खंड होकर गुजरेंगी। बिजनौर तिराहे से बिजनौर अंडरपास की ओर आने वाले भारी वाहन और बसें रमाबाई मैदान की तरफ न जाकर औरंगाबाद ब्रिज से बिजली पासी किला चौराहे की ओर जाएंगी।
वहीं, ओमैक्स तिराहे से रमाबाई आंबेडकर अंडरपास की सर्विस लेन की ओर जाने वाले वाहनों को बिजनौर अंडरपास और न्यू गरौरा होकर जाना होगा। शहीद पथ ट्रांसपोर्ट नगर से आने वाले वाहन रमाबाई अंडरपास के वीआईपी रैंप से नहीं उतर सकेंगे। इन्हें सेक्टर आठ रैंप या उतरेठिया रेलवे क्रॉसिंग का रास्ता लेना होगा। इसी तरह औरंगाबाद अंडरपास से आने वाले वाहनों को रैन बसेरा तिराहे और आंबेडकर विश्वविद्यालय अंडरपास की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। ये वाहन बिजनौर अंडरपास और बिजनौर तिराहे से होकर निकलेंगे।
बंगला बाजार चौराहे से आने वाले भारी वाहन जेल रोड से सीधे बिजली पासी किला चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें तेलीबाग, पिकडली और सरफोर्टगंज होकर जाना होगा। साउथ सिटी से आंबेडकर विश्वविद्यालय अंडरपास की ओर जाने वाले वाहन तेलीबाग और उतरेठिया होकर गुजरेंगे।
डायवर्जन के दौरान एंबुलेंस, स्कूली वाहन, दमकल और शव वाहन को जरूरत पड़ने पर प्रतिबंधित मार्गों से भी गुजरने की अनुमति रहेगी। किसी चिकित्सकीय आपात स्थिति में ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।
