दिल्ली-आगरा हाईवे पर छटीकरा पुल के पास सोमवार सुबह तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया।
चार लोगों को चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन घायलों का उपचार जारी है और कुछ घायलों का सर्वोदय अस्पताल में इलाज चल रहा है। दुर्घटनाग्रस्त कार मध्य प्रदेश पंजीकरण की बताई गई है और पुलिस मृतकों व घायलों की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है।
वृंदावन दर्शन को जा रहे थे कार सवार, हाईवे पर यातायात हुआ सुचारु
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में सवार लोग मध्य प्रदेश से वृंदावन दर्शन के लिए आ रहे थे, इसी दौरान छटीकरा पुल के पास यह दुर्घटना हो गई। हादसे के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर सामान्य कराया और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
