डॉ.राजेश्वर​ सिंह — सरोजनीनगर नॉलेज फेस्ट से विद्यार्थियों को मिल रहा ज्ञान और विरासत से जुड़ने का अवसर

Lucknow
  • ‘जानो उत्तर प्रदेश, जानो लखनऊ, जानो सरोजनीनगर’ थीम पर विभिन्न स्कूलों में क्विज प्रतियोगिता का प्रथम चरण आयोजित

लखनऊ। सरोजनीनगर के विधायक डॉ.राजेश्वर सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों को अपने प्रदेश, शहर और क्षेत्र की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं विकासात्मक विरासत से परिचित कराने के उद्देश्य से ‘सरोजनीनगर नॉलेज फेस्ट’ के अंतर्गत विभिन्न इंटर स्कूलों और इंटर कॉलेजों में क्विज प्रतियोगिता के प्रथम चरण का सफल आयोजन किया गया। ‘जानो उत्तर प्रदेश, जानो लखनऊ, जानो सरोजनीनगर’ की थीम पर आधारित इस पहल में विद्यार्थियों को अपनी जड़ों और गौरवशाली उपलब्धियों को जानने का अवसर मिल रहा है।

  • ज्ञान के साथ प्रतिभा को मंच

डॉ.राजेश्वर सिंह ने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों की सामान्य ज्ञान क्षमता, तार्किक सोच और रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है। क्विज के माध्यम से छात्र-छात्राओं को उत्तर प्रदेश के इतिहास, संस्कृति, परंपराओं, लखनऊ की पहचान और सरोजनीनगर क्षेत्र की विशेषताओं से जुड़े सवालों के जरिए अपनी जानकारी बढ़ाने का अवसर दिया जा रहा है।

  • जागरूक और जिम्मेदार युवा पीढ़ी का निर्माण

डॉ.राजेश्वर सिंह ने कहा यह आयोजन केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी विरासत और क्षेत्र की विकास यात्रा से जोड़ने का अभिनव प्रयास है। इससे विद्यार्थियों में ज्ञान के प्रति रुचि, आत्मविश्वास और सामाजिक जागरूकता बढ़ेगी। पहल का संदेश है कि अपनी जड़ों और संभावनाओं को पहचानने वाली युवा पीढ़ी ही उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।