लखनऊ। महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए सरोजनीनगर पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पर पीड़िता को धमकाकर लंबे समय तक शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप है।
- पुलिस की सक्रियता से आरोपी गिरफ्त में
पुलिस के अनुसार पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपी अम्बुज वर्मा को न्यू गड़ौरा अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
- पीड़िता को दिया गया मनोवैज्ञानिक सहयोग
मामले में पुलिस ने केवल आरोपी की गिरफ्तारी तक ही सीमित न रहकर पीड़िता को आवश्यक काउंसलिंग और मानसिक सहयोग भी उपलब्ध कराया। पुलिस टीम ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए पीड़िता को मानसिक तनाव से उबारने का प्रयास किया, जिसकी सराहना की जा रही है।
- महिला सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है पुलिस
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सरोजनीनगर पुलिस की इस कार्रवाई को महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है।
