- स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में लखनऊ अव्वल, मुख्यमंत्री से मिलीं महापौर
लखनऊ। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में राष्ट्रीय स्तर पर लखनऊ के बेस्ट परफॉर्मिंग सिटी में प्रथम स्थान प्राप्त करने और वार्ड संख्या-70 को बेस्ट परफॉर्मिंग वार्ड में देश में पहला स्थान मिलने पर महापौर सुषमा खर्कवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री आवास पर हुई मुलाकात में महापौर ने नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ लखनऊ की इस उपलब्धि की जानकारी साझा की और प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार जताया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ की उपलब्धि पर महापौर, नगर आयुक्त, नगर निगम अधिकारियों और संबंधित विभागों को बधाई दी।
महापौर ने कहा कि यह सम्मान किसी एक विभाग का नहीं, बल्कि लखनऊवासियों, जनप्रतिनिधियों, पार्षदों तथा नगर निगम, जिला प्रशासन, पुलिस, परिवहन, वन विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, एलडीए, पीडब्ल्यूडी और सिटी ट्रांसपोर्ट सहित विभिन्न विभागों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि लखनऊ को स्वच्छ वायु के क्षेत्र में देश में अग्रणी बनाए रखने के लिए निर्माण कार्यों से निकलने वाली धूल पर नियंत्रण, खुले में कूड़ा जलाने पर रोक, सड़कों की नियमित सफाई, हरियाली बढ़ाने, यातायात व्यवस्था में सुधार और स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा देने के प्रयासों को और मजबूत किया जाएगा। बैठक में अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव और महापौर प्रतिनिधि श्रीप्रकाश उपाध्याय भी उपस्थित रहे।
