अखिलेश यादव जी, नींद से जागिए और गुंडों को कंट्रोल कीजिए’, ओपी राजभर का तीखा तंज, कहा- यूपी पुलिस दूर करेगी ऐंठन

# ## UP

 सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के मुखिया और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इटावा और बाराबंकी की घटनाओं का जिक्र किया और सपा प्रमुख पर निशाना साधा। उन्होंने अखिलेश यादव के पीडीए नारे पर तंज कसते हुए इसका नया अर्थ भी बताया।

ओम प्रकाश राजभर ने अपने पोस्ट में लिखा, “अखिलेश यादव, आप तो अभी तक सो ही रहे होंगे, लेकिन आपका पीडीए यानी ‘पीट देगा अहीर’ आपके सीएम बनने की अफवाह भर से सो ही नहीं रहा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस देखकर कुछ लोग खुद को कानून से ऊपर समझने लगे हैं।

इटावा की घटना का जिक्र कर लगाए आरोप

राजभर ने इटावा की एक घटना का जिक्र करते हुए बिट्टू यादव नाम के व्यक्ति पर दलित चंद्रमोहन दिवाकर की संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया तो गाली-गलौज की गई और चंद्रमोहन दिवाकर के साथ मारपीट की गई।

बाराबंकी में दलित युवक की मौत का उठाया मुद्दा

सुभासपा अध्यक्ष ने बाराबंकी की घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने प्रमोद यादव नाम के व्यक्ति पर दलित दिलीप पासी की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया। राजभर ने इन घटनाओं को लेकर अखिलेश यादव से सवाल किया कि जब पार्टी के वरिष्ठ नेता गुंडई करने वालों को बाहर निकालने की बात करते हैं, तो ऐसे मामलों में कार्रवाई क्यों नहीं होती?

‘अपने लोगों को कंट्रोल कीजिए’

ओम प्रकाश राजभर ने पोस्ट में लिखा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सही कहते हैं कि कुछ लोगों ने हर चौराहे पर गुंडे पाल रखे हैं। उन्होंने अखिलेश यादव से नींद और भ्रम की दुनिया से बाहर आकर अपने लोगों को नियंत्रित करने की अपील की।

राजभर ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यादव होने के नाम पर कानून हाथ में लेने वालों की ऐंठन उत्तर प्रदेश पुलिस दूर कर सकती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अफवाह फैलाकर लोगों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। पोस्ट के अंत में उन्होंने जय भारत, जय श्रीराम, जय श्रीकृष्ण, जय परशुराम और जय महाराजा सुहेलदेव के नारे लिखे।