यूपी के कानपुर में प्रेम संबंध और निकाह को लेकर हुए कथित विवाद के बाद एक युवक की मॉल की दूसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। बुधवार शाम सर्वोदय नगर थाना क्षेत्र स्थित रेव मोती मॉल में हुई इस घटना से अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, युवक ने अपनी प्रेमिका को बातचीत के लिए मॉल बुलाया था। यहां निकाह को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।
सऊदी अरब में नौकरी करता था युवक
मृतक की पहचान चमनगंज निवासी 36 वर्षीय इम्तियाज रियाज के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, इम्तियाज सऊदी अरब में नौकरी करता था। बताया जा रहा है कि उसका अपनी एक रिश्तेदार की बेटी से करीब 10 साल से प्रेम संबंध था। वह युवती से निकाह करना चाहता था। कुछ साल पहले वह नौकरी के सिलसिले में सऊदी अरब चला गया था। इस दौरान युवती की जिंदगी में किसी दूसरे युवक के आने की जानकारी मिलने के बाद दोनों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
दो साथियों के साथ मॉल पहुंचा था इम्तियाज
बताया गया कि बुधवार शाम करीब 7:30 बजे इम्तियाज अपने दो साथियों के साथ रेव मोती मॉल पहुंचा। उसने युवती को भी बातचीत के लिए वहां बुलाया था। पुलिस के मुताबिक, इम्तियाज ने युवती के सामने निकाह का प्रस्ताव रखा, लेकिन वह इसके लिए राजी नहीं हुई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
इसके बाद इम्तियाज ने कथित तौर पर मॉल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। युवक को नीचे गिरता देखकर मॉल में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उसे पास के रीजेंसी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शवanpur
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों को मामले की जानकारी दी। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मॉल पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
