पंजाब के मानसा जिले से एक ऐसी खुशखबरी सामने आई है, जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया है। यहां एक परिवार में बेटी के जन्म के महज 24 घंटे बाद पिता की किस्मत ऐसी चमकी कि वह रातोंरात करोड़पति बन गए। बरेटा कस्बे के रहने वाले 24 वर्षीय युद्धवीर सिंह ने पंजाब स्टेट डियर 200 मंथली लॉटरी में 1.5 करोड़ रुपये का पहला इनाम जीता है। युद्धवीर ने अपनी इस जीत का श्रेय नवजात बेटी को देते हुए उसका नाम ‘बरकत’ रखा है।
जानकारी के मुताबिक, युद्धवीर सिंह पेशे से बढ़ई हैं और उनका परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। 6 नवंबर को उनके घर बेटी का जन्म हुआ। इसके ठीक अगले दिन यानी 7 नवंबर को पंजाब स्टेट डियर 200 मंथली लॉटरी का परिणाम घोषित हुआ, जिसमें युद्धवीर का टिकट पहले इनाम के लिए चुना गया। इनाम की रकम 1.5 करोड़ रुपये है।
पत्नी को अस्पताल ले जाते समय खरीदा था टिकट
युद्धवीर ने बताया कि 4 नवंबर को वह अपनी गर्भवती पत्नी हरमन को अस्पताल लेकर जा रहे थे। रास्ते में मोबाइल नंबर पोर्ट कराने के दौरान उन्होंने एक स्टॉल से लॉटरी का टिकट खरीद लिया था। उस समय परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। एक-एक पैसा जोड़कर घर का खर्च चल रहा था, इसलिए पत्नी को टिकट खरीदना पसंद नहीं आया था।
बेटी के जन्म के अगले दिन बदली किस्मत
6 नवंबर को घर में बेटी की किलकारी गूंजी और अगले ही दिन लॉटरी का नतीजा सामने आया। डेढ़ करोड़ रुपये का पहला इनाम जीतने की खबर से परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। युद्धवीर ने अपनी इस कामयाबी का श्रेय बेटी को दिया और उसका नाम ‘बरकत’ रख दिया।
बेटी को मानते हैं घर की खुशहाली की वजह
युद्धवीर का कहना है कि उनकी बेटी उनके घर में खुशहाली और बरकत लेकर आई है। जिस परिवार के लिए रोजमर्रा के खर्च पूरे करना चुनौती था, उसके लिए यह इनाम बड़ी राहत लेकर आया है। बेटी के जन्म और लॉटरी जीतने की यह कहानी इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
