Bareilly News: नशे में धुत पुलिसकर्मी ने बाइकों में मारी टक्कर, गर्भवती महिला से भी अभद्रता

# ## Bareilly Zone

 जिन पर कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी है, उन्हीं पर कानून का खौफ दिखाकर धमकाने का आरोप लगा है। डोहरा रोड स्थित स्वप्न लोक कॉलोनी में नशे में कार चला रहे एक पुलिसकर्मी ने घर के बाहर खड़ी बाइकों में टक्कर मार दी। विरोध करने पर उसने परिवार के लोगों से गाली-गलौज और महिलाओं से अभद्रता की। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने गर्भवती महिला को भी धक्का दिया और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। मामले में बारादरी पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बारादरी के स्वप्न लोक कॉलोनी निवासी ललित मोहन जोशी के मुताबिक, आठ नवंबर की रात उनके घर मेहमान आए हुए थे। मेहमानों की बाइकें घर के बाहर पार्क के किनारे खड़ी थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले पुलिस विभाग में दीवान धीरेंद्र नशे की हालत में कार लेकर वहां पहुंचे और खड़ी बाइकों में टक्कर मार दी।

ललित मोहन ने इसका विरोध किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा। आवाज सुनकर उनकी बहन और परिवार की अन्य महिलाएं भी बाहर आ गईं। आरोप है कि धीरेंद्र ने उनके साथ भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। इतना ही नहीं, उनकी गर्भवती बहन को धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद परिवार को धमकाते हुए कहा कि वह पुलिसकर्मी है और उन्हें वहां रहने नहीं देगा। जान से मारने की धमकी भी दी गई।

पुलिसकर्मी होने का दिया हवाला, परिवार में दहशत

पीड़ित की शिकायत पर बारादरी पुलिस ने धीरेंद्र, उसके साथी अभय और भगवान दास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने पुलिस विभाग में होने का हवाला देकर उन्हें धमकाया। परिवार के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपियों ने वहां रहने नहीं देने और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद से परिवार में भय का माहौल है।