राजधानी के नाका इलाके में वीआईपी मूवमेंट के दौरान रास्ता खाली करा रहे दरोगा के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक सवार युवक ने खुद को शासन का अधिकारी बताते हुए राजेंद्र नगर चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह यादव से हाथापाई की और धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया। इतना ही नहीं, उसने दरोगा को वर्दी उतरवाने और चालान करने पर हत्या तक की धमकी दी। पीड़ित दरोगा की तहरीर पर नाका कोतवाली पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वीआईपी फ्लीट के लिए खाली कराया जा रहा था रास्ता
एटा के जसरनपुर निवासी उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह यादव राजेंद्र नगर पुलिस चौकी के प्रभारी हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार शाम अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल की फ्लीट को राजेंद्र नगर चौराहे से होकर गुजरना था। फ्लीट को नाका से ऐशबाग ओवरब्रिज की ओर जाना था। वायरलेस पर सूचना मिलने के बाद दरोगा देवेंद्र सिंह यादव सिपाही योगेश कुमार के साथ राजेंद्र नगर चौराहे पर पहुंचे। वहां सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों को हटवाकर रास्ता खाली कराया जा रहा था। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक वहां पहुंचा और दरोगा से उलझ गया।
धक्का देकर सड़क पर गिराया, वर्दी उतरवाने की धमकी
आरोप है कि बाइक सवार ने दरोगा के साथ अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने हाथापाई करते हुए उन्हें धक्का दे दिया, जिससे दरोगा सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद आरोपी खुद को शासन में अधिकारी बताकर रौब झाड़ने लगा। उसने दरोगा की वर्दी उतरवाने और चालान करने पर हत्या तक की धमकी दी।
बाइक नंबर से दर्ज हुई रिपोर्ट, वाहन सीज
घटना के बाद दरोगा देवेंद्र सिंह यादव ने बाइक के नंबर के आधार पर नाका कोतवाली में तहरीर दी। नाका थाना प्रभारी विवेक चौधरी ने बताया कि बाइक सवार के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी की बाइक सीज कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
