जेल से निकली और ऑडियो बम फोड़कर लापता हो गई कल्पना, रेखा आर्या-पप्पू गिरधारी विवाद में नया मोड़

# ## Bareilly Zone

बरेली,  : उत्तराखंड सरकार की मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू के बीच रार की जड़ बताई जा रही पूर्व मैनेजर कल्पना चतुर्वेदी उर्फ मिश्रा जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद बरेली छोड़ गई है। कब कारागार से निकली और कहां गई, किसी को कानोंकान खबर नहीं लगने दी।

गिरधारी और कल्पना की बातचीत के लगातार वायरल हो रहे ऑडियो बरेली से देहरादून तक सुर्खियां बटोर रहे हैं और दूसरी और कल्पना कुछ भी कहने-सुनने को सामने नहीं आ रही। अधिवक्ता तक कह रहे हैं कि कल्पना से उनका भी संपर्क नहीं हो पा रहा।

पुलिस के अनुसार, आगरा की रहने वाली कल्पना चतुर्वेदी का नाम पहली बार सितंबर 2024 में तब चर्चा में आया था, जब मंत्री रेखा आर्या ने बरेली के थाना बारादरी थाने में उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि कल्पना ने मंत्री और उनके पति पप्पू गिरधारी के नाम-पते का इस्तेमाल निजी दस्तावेजों में किया। साथ ही बरेली स्थित आवास से नकदी और सोने की माला चोरी करने तथा रसूख का गलत इस्तेमाल करने के आरोप भी लगाए गए थे।

वहीं दूसरी ओर कल्पना का कहना था कि वह गिरधारी की कंपनी में मैनेजर थी और उसके साथ आर्थिक शोषण हुआ। लंबे समय से वह जेल में बंद थी। 29 सितंबर को उसे जमानत मिली। जिसके बाद वह चुपके से बरेली छोड़ गई। उसके बरेली छोड़ने के बाद से पप्पू गिरधारी और कल्पना की बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ उत्तराखंड में बखेड़ा खड़ा हो गया।

एक दिन पहले भी कल्पना और पप्पू गिरधारी की बातचीत का कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें मंत्री रेखा आर्या के खिलाफ कई तरह की बात और साजिश का जिक्र था। बारादरी थाना प्रभारी का कहना है कि कल्पना से पुलिस का भी संपर्क भी नहीं हो पा रहा है। कल्पना के कानूनी मामले देख रहे बरेली के वरिष्ठ अधिवक्ता लवलेश पाठक ने बताया है कि कल्पना ने जमानत के बाद उनसे भी कोई संपर्क नहीं किया है।

गिरधारी ने शादियां कराईं, साड़ियां बांटी, चुनाव से पहले पहुंचा जेल

बरेली में जोगी नवादा के रहने वाले पप्पू गिरधारी की खुद की राजनैतिक महत्वाकांक्षा किसी से छिपी नहीं है। पुलिस रिकॉर्ड का दागी चेहरा होने के बाद भी वह खुद विधायक-मेयर बनने के सपने देखता रहा है। पत्नी वैजयंती माला को 2012 में बहेड़ी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाया था मगर हार मिली। उससे पहले बरेली में खुद मेयर का इलेक्शन लड़ा और हारा।

उत्तराखंड का रुख गया और रेखा आर्या से शादी की जो बाद में विधायक व मंत्री बनीं। पप्पू काफी समय से बरेली में विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में लगाथा। उसकी बिथरी व शहर सीट पर निगाह बताई जा रही थी। चुनावी सपने के साथ ही वह कदम आगे बढ़ा रहा था। पिछले दिनों बरेली में बड़ा भंडारा करके हजारों महिलाओं को साड़ियां बांटी थीं। सामूहिक शादियां भी कराई थीं। इससे पहले कि चुनावी रण सजता, पत्नी रेखा आर्या से रार-तकरार और मुकदमा होने के बाद गिरधारी गिरफ्तार होकर जेल पहुंच चुका है।

रेखा आर्या की तबियत ठीक नहीं, मीडिया से बनाई दूरी

हमारे हल्द्वानी कार्यालय के अनुसार, पति पप्पू गिरधारी की गिरफ्तारी और कल्पना से उसकी बातचीत के कथित ऑडियो वायरल होने के बाद रेखा आर्या अब मीडिया से बात करने से बच रही हैं। मंगलवार को उनकी तबियत सही नहीं बताई गई। अमृत विचार ने फोन पर बातचीत की कोशिश की मगर संपर्क नहीं हो सका। जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि मंत्री की तबियत ठीक नहीं है। बात नहीं हो सकती।