डॉ. राजेश्वर सिंह : 2047 तक ऐसा भारत बनाएँगे, जहाँ हर बच्चे को मिले समान अवसर और हर सपने को मिले उड़ान

Lucknow
  • युवा नौकरी माँगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें; शिक्षा, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता से बनेगा विकसित भारत

लखनऊ। सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने दीपावली के अवसर पर युवाओं से समान अवसर, शिक्षा, उद्यमिता और ईमानदारी के संकल्प के साथ विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आर्थिक और सामाजिक असमानता आज भी देश की बड़ी चुनौतियों में शामिल है। हर आँकड़े के पीछे एक मां का संघर्ष और एक पिता की मेहनत की कहानी छिपी है, इसलिए किसी बच्चे का भविष्य उसकी आर्थिक पृष्ठभूमि से तय नहीं होना चाहिए।

  • आर्थिक असमानता दूर करना समय की जरूरत

डॉ. सिंह ने संपत्ति के असमान वितरण के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत में शीर्ष एक प्रतिशत लोगों के पास लगभग 40 प्रतिशत संपत्ति है, जबकि निचले 50 प्रतिशत लोगों के पास केवल 6.4 प्रतिशत संपत्ति है। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना जरूरी है।

  • युवा बनें रोजगार देने वाले

उन्होंने युवाओं से आधुनिक कौशल विकसित करने, बचत और निवेश की आदत अपनाने तथा आसान पैसे के लालच से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाले बनें। बेटियों की शिक्षा, आर्थिक आत्मनिर्भरता और जातिगत भेदभाव से मुक्ति को भी उन्होंने विकसित समाज की महत्वपूर्ण शर्त बताया।

  • 2047 के विकसित भारत का संकल्प

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि उनका सपना ऐसा भारत बनाने का है, जहां किसी बच्चे का भविष्य उसके सरनेम या पिता के बैंक बैलेंस से तय न हो। दीपावली के संदेश में उन्होंने कहा कि जिस तरह दीप अंधकार दूर करते हैं, उसी तरह सामूहिक प्रयासों से असमानता मिटाकर हर घर तक विकास, सम्मान और समृद्धि की रोशनी पहुंचानी होगी। उन्होंने युवाओं को 2047 के विकसित भारत का निर्माता बताते हुए इस राष्ट्रीय संकल्प में सक्रिय भागीदारी की अपील की।