- स्वच्छ सर्वेक्षण में लखनऊ का जलवा बरकरार, लगातार दूसरे साल राष्ट्रीय स्तर पर तीसरी रैंक; राष्ट्रपति ने किया सम्मानित
- 20 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे का निस्तारण कर 46 एकड़ भूमि कराई रिक्लेम, 100 प्रतिशत कचरा पृथक्करण की दिशा में बड़ा कदम
लखनऊ। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में लखनऊ नगर निगम ने राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान हासिल कर लगातार दूसरे वर्ष अपनी रैंकिंग बरकरार रखी है। बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नगर निगम को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया। नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा, महापौर सुषमा खर्कवाल, प्रमुख सचिव नगर विकास पी. गुरुप्रसाद और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने यह सम्मान ग्रहण किया।
- लगातार दूसरे साल तीसरी रैंक हासिल करने वाला देश का एकमात्र शहर
लखनऊ की विशेष उपलब्धि यह रही कि पिछले वर्ष की तीसरी रैंकिंग को इस बार भी बरकरार रखा। नगर निगम की राष्ट्रीय रैंकिंग में वर्ष 2017 के 269वें स्थान से सुधार होकर 2020 और 2021 में 12वीं रैंक तक पहुंची थी। वर्ष 2024-25 और 2025-26 में शहर ने तीसरा स्थान हासिल किया।
- 20 लाख मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण, 46 एकड़ जमीन मुक्त
नगर निगम ने लगभग 20 लाख मीट्रिक टन पुराने लेगेसी वेस्ट का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कर कूड़े के पहाड़ को समाप्त किया और करीब 46 एकड़ भूमि को पुनः उपयोग योग्य बनाया। शहर में प्रतिदिन 2,000 मीट्रिक टन से अधिक कचरा निकलता है। इसके प्रबंधन के लिए कचरा पृथक्करण, आधुनिक प्रसंस्करण संयंत्र, खाद निर्माण और RDF के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है।
- स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में भी मिला पहला स्थान
स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी लखनऊ ने उपलब्धि हासिल की। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में 198 अंकों के साथ दस लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में पहला स्थान मिला। वहीं वार्ड संख्या 70 (पेपर मिल कॉलोनी) ने 30 हजार से अधिक आबादी वाले वार्डों की श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया।
- इलेक्ट्रिक वाहन और डिजिटल निगरानी से मजबूत हुई व्यवस्था
कचरा परिवहन में इलेक्ट्रिक वाहनों, GPS ट्रैकिंग और डिजिटल डैशबोर्ड का इस्तेमाल किया जा रहा है। जनजागरूकता अभियानों और नागरिकों की भागीदारी से स्रोत पर कचरा पृथक्करण को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
- हॉर्टिकल्चर वेस्ट, बायो-CNG और वेस्ट-टू-एनर्जी पर नजर
आगामी योजनाओं में हॉर्टिकल्चर वेस्ट प्लांट, CBG प्लांट और वेस्ट-टू-एनर्जी परियोजनाएं शामिल हैं। इनसे कचरे को ऊर्जा और उपयोगी संसाधनों में बदलने, परिवहन लागत घटाने तथा जीरो डंप साइट नीति को मजबूत करने का लक्ष्य है।
