बेटी की शादी से 10 दिन पहले घर में पसरा मातम, सड़क हादसे में पिता की मौत से मचा कोहराम

# ## Lucknow

सुलतानपुर जिले के हलियापुर थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को हिला दिया। अज्ञात वाहन की टक्कर से ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल है। मृतक की पहचान अमर बहादुर मिश्र (45) पुत्र माता प्रसाद, निवासी जमालपुर, थाना हलियापुर के रूप में हुई है।

बुधवार सुबह करीब 5 बजे अमर बहादुर अपने घर से ऑटो लेकर कुमारगंज मंडी के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह हलियापुर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे ओवर ब्रिज के नीचे एनएच-330 ए रायबरेली मार्ग पर बाबा ढाबा के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनके ऑटो रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने संभाला मोर्चा सूचना पर हलियापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर 100 शैय्या अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। खबर सुनते ही परिजन थाने पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

इकलौते बेटे थे, 10 दिन बाद थी बेटी की शादी

बताया जा रहा है कि अमर बहादुर मिश्र गरीब परिवार से थे और अपने पिता के इकलौते पुत्र थे। उनके परिवार में एक लड़का विनय मिश्र उम्र लगभग 18 वर्ष और चार लड़कियां आंचल, 14 वर्ष मांचल, 12 अंशिका 8 वर्ष, साक्षी* लगभग 4 वर्ष हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उनकी बड़ी पुत्री आंचल की शादी इसी 21 नवंबर को तय थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अचानक हुई इस मौत से घर में शादी की खुशियों की जगह मातम छा गया है।
पूरे गांव में दुख का माहौल है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।