शहर में कुत्ते पालने के शौकीन हजारों, लाइसेंस बनवाने में सिर्फ 403 आगे

# ## Bareilly Zone
शहर में पालतू कुत्ते रखने का शौक तो तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन उनके मालिक नगर निगम से लाइसेंस बनवाने में पीछे हैं। निगम के अनुमान के मुताबिक शहर में करीब 10 हजार पालतू कुत्ते हैं, लेकिन रिकॉर्ड में अब तक सिर्फ 403 का ही पंजीकरण हुआ है। यानी अनुमानित संख्या के मुकाबले चार फीसदी से भी कम कुत्तों के लाइसेंस बन सके हैं। खास बात यह है कि नगर निगम ने पंजीकरण के लिए ऑनलाइन सुविधा भी शुरू कर रखी है, इसके बावजूद ज्यादातर मालिकों ने आवेदन नहीं किया है।

पशु कल्याण अधिकारी डॉ. हरपाल सिंह के मुताबिक, पेट 311 एप के माध्यम से अक्टूबर में ऑनलाइन आवेदन की सुविधा शुरू की गई थी। पंजीकरण के लिए कुत्ते का वैक्सीनेशन और स्टरलाइजेशन होना जरूरी है। आवेदन के दौरान कुत्ते की पहचान और स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी भी देनी होती है। छोटे कुत्तों के लिए 500 रुपये और बड़े कुत्तों के लिए 1000 रुपये शुल्क निर्धारित है। वहीं, कुत्तों की बिक्री करने वालों को पंजीकरण के लिए पांच हजार रुपये देने होते हैं। आवेदन के करीब एक सप्ताह में पंजीकरण कार्ड जारी कर दिया जाता है।

नियमों के मुताबिक, बिना पंजीकरण कुत्ता पालने पर मालिक पर एक हजार से 10 हजार रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है। कुत्ते के काटने की घटना होने पर मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने और इलाज का खर्च वसूलने का भी प्रावधान है। नगर निगम की प्रतिबंधित नस्लों की सूची में अमेरिकन पिटबुल, बुलडॉग और हस्की शामिल हैं। वहीं, पोमेरेनियन, पग, जर्मन शेफर्ड और लैब्राडोर जैसी नस्लों का भी शहर में पालन किया जा रहा है।