मुंबई: महाराष्ट्र में पिछले कई दिनों से हो रही भारी बारिश ने अब अपना खतरनाक रूप दिखाना शुरू कर दिया है. मुंबई और पुणे को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग बंद हो गया हैं. खंडाला के पास मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भूस्खलन हुआ है. घाट सेक्शन में रेलवे ट्रैक पर भारी मात्रा में पत्थर और मिट्टी गिरने से रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है.
नेशनल हाईवे पर थमे वाहन
एक्सप्रेसवे और नेशनल हाईवे पर खड़े वाहनों के पहिए थम गए हैं. महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम के अनुसार, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के ‘मिसिंग लिंक’ सेक्शन में खंडाला एग्जिट के पास यह भूस्खलन हुआ है. गनीमत यह रही कि इस हादसे में अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. कनेक्टिंग लिंक और मिसिंग लिंक के बीच कंक्रीट का एक पिलर गिरने की वजह से मुख्य यातायात को पूरी तरह रोकना पड़ा है. मुंबई-पुणे पुराना नेशनल हाईवे भी कई जगहों पर जलजमाव के कारण बंद है.
रेलवे ट्रैक गिरा मलवा
मावल और तामिनी घाट जैसे पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश ने बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं, जिससे पहाड़ी रास्तों पर पानी का तेज बहाव देखने को मिल रहा है. लोहगढ़ किले के पास स्थित पाटन गांव में भी भूस्खलन की घटना सामने आई है. सड़क मार्ग के साथ-साथ रेल सेवा भी इस प्राकृतिक आपदा से अछूती नहीं रही. मुंबई-पुणे घाट सेक्शन में भारी बारिश के बाद पटरियों पर बड़े-बड़े बोल्डर और मिट्टी का ढेर आ गिरा है.
