सरोजनीनगर हमारा परिवार, हर चेहरे पर मुस्कान हमारा संकल्प : डॉ. राजेश्वर सिंह

Lucknow
  • सरोजनीनगर हमारा परिवार, हर चेहरे पर मुस्कान हमारा संकल्प : डॉ. राजेश्वर सिंह
  • स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और महिला स्वावलंबन के जरिए विकास की नई तस्वीर, राम रथ से 9 हजार श्रद्धालुओं ने किए रामलला के दर्शन, खाटू श्याम धाम के लिए भी शुरू हुई निःशुल्क यात्रा

लखनऊ। सरोजनीनगर हमारा परिवार है और परिवार के हर सदस्य के चेहरे पर मुस्कान बनाए रखना हमारा संकल्प है। यह बात सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने राजा बिजली पासी द्वितीय वार्ड में पार्षद प्रतिनिधि लवकुश रावत के आवास पर आयोजित चाय पर चर्चा एवं जनसंवाद कार्यक्रम में कही। उन्होंने क्षेत्रवासियों को दीपावली और धनतेरस की शुभकामनाएं देते हुए उनकी समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में कुल 42 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सड़क, नाली, बिजली, सीवर, आर्थिक सहायता और साइकिल वितरण संबंधी मांगें शामिल रहीं।

  • जरूरतमंदों को 27 करोड़ की उपचार सहायता

डॉ. सिंह ने बताया कि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंदों के लगभग 2,500 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1,600 लोगों को करीब 27 करोड़ रुपये की सहायता दिलाई गई। विधायक कार्यालय में पिछले चार वर्षों से 24 घंटे पेंशन आवेदन की निःशुल्क सुविधा भी संचालित है।

  • शिक्षा और महिला स्वावलंबन को बढ़ावा

अब तक 2,200 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को साइकिल और लैपटॉप दिए गए हैं। लगभग 100 विद्यालयों में स्मार्ट कक्षाओं और डिजिटल पुस्तकालयों की व्यवस्था की गई है। वहीं, तारा शक्ति केंद्रों की संख्या चार से बढ़कर 180 हो गई है और महिलाओं को 2,500 से अधिक सिलाई मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं।

  • राम रथ के बाद श्याम रथ की शुरुआत

विधायक ने बताया कि राम रथ से अब तक करीब 9,000 श्रद्धालु अयोध्या में रामलला के दर्शन कर चुके हैं। अब खाटू श्याम धाम के लिए निःशुल्क श्याम रथ यात्रा भी शुरू की गई है। कार्यक्रम में पार्षद पिंकी रावत, केके श्रीवास्तव, विवेक राजपूत, राजेश सिंह चौहान, रंजीत रावत, श्याम त्रिपाठी, सुरेश सिंह, रमापति त्रिपाठी, चांदनी रावत, अंकिता रावत, रीना गौतम, राजन गुप्ता, अर्चना सिंह, विनोद सिंह, सर्वेश लोधी, रवि सिंह, डॉ. आरपी भारद्वाज सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।