डॉ.राजेश्वर सिंह: सरोजनीनगर नॉलेज फेस्ट में उमड़ा विद्यार्थियों का सैलाब, 150 विद्यालयों और 29 महाविद्यालयों के 10 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

Lucknow
  • डिग्री के साथ दृष्टि भी जरूरी, अपनी मिट्टी और इतिहास को पहचानें विद्यार्थी : डॉ. राजेश्वर सिंह
  • 12 दिसंबर को एसकेडी एकेडमी में होगा प्रतियोगिता का द्वितीय चरण, विजेताओं को मिलेंगे 51 हजार, 25 हजार और 11 हजार रुपये के पुरस्कार

लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की पहल पर आयोजित ‘सरोजनीनगर नॉलेज फेस्ट’ विद्यार्थियों के लिए ज्ञान और अपनी विरासत को जानने का बड़ा मंच बनकर उभरा है। इस अंतरविद्यालयीय क्विज प्रतियोगिता में क्षेत्र के 150 विद्यालयों एवं 29 महाविद्यालयों के 10 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

  • अपनी मिट्टी, इतिहास और विकास यात्रा से जुड़ेंगे विद्यार्थी

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि युवा केवल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागी नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश और सरोजनीनगर की विकास यात्रा को समझने तथा भविष्य के निर्माण में योगदान देने वाली पीढ़ी हैं। विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ प्रदेश की उपलब्धियों, सांस्कृतिक विरासत और क्षेत्र के सकारात्मक बदलावों की जानकारी भी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिज्ञासा, जानकारी और प्रश्न करने की प्रवृत्ति ही जागरूक समाज की नींव है।

  • 12 दिसंबर को होगा प्रतियोगिता का अगला चरण

प्रतियोगिता का प्रथम चरण प्रतिभागी विद्यालयों में आयोजित किया गया। इसमें चयनित विद्यार्थी 12 दिसंबर 2026 को एसकेडी एकेडमी में होने वाले द्वितीय चरण में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।

  • विजेताओं को मिलेंगे लाखों रुपये के पुरस्कार

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर 25 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर 11 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा प्रत्येक चयनित प्रतिभागी को 2 हजार रुपये का सांत्वना पुरस्कार मिलेगा।

डॉ. राजेश्वर सिंह के अनुसार शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार दिलाना नहीं, बल्कि विचारवान, आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना भी है। नॉलेज फेस्ट के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी विरासत पर गर्व करने, बौद्धिक क्षमता परखने और सरोजनीनगर की उपलब्धियों को देश-दुनिया तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।