एपीओ प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम रद्द, अधिक अंक वालों को श्रेणी में रोकना मनमाना, जानें हाईकोर्ट का फैसला

# ## Prayagraj Zone

प्रयागराज, : इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सहायक अभियोजन अधिकारी (एपीओ) परीक्षा-2025 से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले में स्पष्ट किया है कि अनारक्षित (सामान्य) वर्ग किसी विशेष जाति या आरक्षण से वंचित वर्ग के लिए आरक्षित श्रेणी नहीं है, बल्कि यह सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए खुला है। न्यायालय ने कहा कि यदि आरक्षित वर्ग का कोई अभ्यर्थी प्रारंभिक या मुख्य परीक्षा में सामान्य वर्ग के अंतिम चयनित अभ्यर्थी से अधिक अंक हासिल करता है, तो उसे प्रत्येक चरण में अनारक्षित वर्ग की सूची में स्थान मिलना चाहिए, और अधिक अंक पाने वाले अभ्यर्थियों को उनकी श्रेणी तक सीमित रखना मनमाना व संविधान के अनुच्छेद 16(4) के विपरीत है।

यह आदेश न्यायमूर्ति मनीष कुमार निगम की एकलपीठ ने पंकज वर्मा एवं दो अन्य अभ्यर्थियों की याचिका को स्वीकार करते हुए पारित किया है, जिसमें एपीओ परीक्षा-2025 के प्रारंभिक परीक्षा परिणाम और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) के 9 जनवरी 2020 के कार्यालय ज्ञापन को चुनौती दी गई थी। आयोग ने 30 अप्रैल 2026 को प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी किया था जिसमें 2,856 अभ्यर्थी सफल हुए थे, जबकि सुनवाई के दौरान आयोग ने माना कि 321 ओबीसी और 43 अनुसूचित जाति के अभ्यर्थियों ने अनारक्षित वर्ग के अंतिम चयनित अभ्यर्थी से अधिक अंक प्राप्त किए थे, इसके बावजूद उन्हें अपनी आरक्षित श्रेणी में ही रखा गया।

आयोग को आरक्षण नीति तय करने का अधिकार नहीं, नए सिरे से होगी मुख्य परीक्षा

हाईकोर्ट ने टिप्पणी की कि लोक सेवा आयोग को आरक्षण नीति निर्धारित करने का अधिकार नहीं है और उसने 9 जनवरी 2020 के कार्यालय ज्ञापन को अधिकार क्षेत्र से बाहर मानते हुए निरस्त कर दिया। इसके साथ ही अदालत ने एपीओ प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम रद्द करते हुए आयोग को निर्देश दिया है कि वह संशोधित मेरिट सूची तैयार करे और उसके आधार पर मुख्य परीक्षा नए सिरे से आयोजित कराए।