: गोंडा के स्वास्थ्य विभाग में आउटसोर्सिंग के माध्यम से नियुक्तियों को लेकर अनियमितताओं के आरोपों ने तूल पकड़ लिया है। स्वीकृत 69 पदों के सापेक्ष करीब 450 लोगों की भर्ती किए जाने संबंधी वायरल वीडियो का स्वत: संज्ञान लेते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने स्वास्थ्य महानिदेशक को कमेटी गठित कर पूरे प्रकरण की समेकित जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जांच रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने को कहा है।
गोण्डा स्वास्थ्य विभाग में आउटसोर्सिंग के माध्यम से विभिन्न पदों पर नियुक्तियों को लेकर स्वीकृत पदों से अधिक भर्ती किए जाने की शिकायतें सामने आई थीं। आरोप है कि विभाग में सफाई कर्मचारी, चौकीदार, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) तथा ब्लड बैंक समेत विभिन्न श्रेणियों में आउटसोर्सिंग के माध्यम से नियुक्तियां की गईं, जबकि स्वीकृत पदों की संख्या सीमित थी। इस मामले में भर्ती प्रक्रिया, पदों की स्वीकृति, नियुक्तियों के आधार और नियमों के पालन को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
पहले भी स्वास्थ्य निदेशालय की टीम कर चुकी है जांच
उल्लेखनीय है कि प्रकरण सामने आने के बाद स्वास्थ्य निदेशालय की टीम ने भी गोंडा पहुंचकर सीएमओ कार्यालय में भर्ती से संबंधित अभिलेखों की जांच की थी। टीम ने अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ कर भर्ती से जुड़े दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर सील किए थे। इस दौरान नियुक्तियों से जुड़े रिकॉर्ड और स्वीकृत पदों के सापेक्ष भर्ती की स्थिति की पड़ताल की गई थी।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विस्तृत जांच के निर्देश
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विस्तृत जांच के निर्देश देते हुए कहा कि राज्य सरकार की छवि धूमिल करने तथा लापरवाही करने वालों के प्रति कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में भर्ती प्रक्रिया से संबंधित स्वीकृत पदों, नियुक्तियों की संख्या, चयन प्रक्रिया, संबंधित अभिलेखों तथा नियमों के अनुपालन की पड़ताल किए जाने की अपेक्षा है। यदि जांच में अनियमितता अथवा लापरवाही की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
