संविधान रक्षा यात्रा के लिए लखनऊ पहुंचे मल्लिकार्जुन खड़गे, अनुमति नहीं मिलने के बाद भी कांग्रेस निकालेगी यात्रा

# ## Lucknow

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में संविधान रक्षा यात्रा को लेकर कांग्रेस और योगी सरकार के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि प्रदेश सरकार ने संविधान दिवस के मौके पर प्रस्तावित ‘संविधान रक्षा यात्रा’ निकालने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। हालांकि, अनुमति नहीं मिलने के बावजूद कांग्रेस ने यात्रा निकालने का फैसला किया है। पार्टी ने साफ कहा है कि अगर पुलिस ने नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की तो वे गिरफ्तारी देने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी संविधान दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लखनऊ पहुंचे। उनके दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। हालांकि, पहले खरगे को यात्रा का नेतृत्व करना था, लेकिन कार्यक्रम में बदलाव के बाद अब पार्टी के दूसरे नेता यात्रा को आगे बढ़ाएंगे।

पहले आंबेडकर महासभा जाएंगे खरगे, फिर कांग्रेस कार्यालय में कार्यक्रम

कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बताया कि मल्लिकार्जुन खरगे सबसे पहले आंबेडकर महासभा परिसर पहुंचकर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद वह कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संविधान रक्षा कार्यक्रम में शामिल होंगे गौतम के मुताबिक, पार्टी प्रशासन की ओर से रखी गई सभी शर्तों का पालन करने के लिए तैयार थी, लेकिन इसके बावजूद यात्रा की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि खरगे कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दिल्ली रवाना हो जाएंगे और यात्रा का नेतृत्व पार्टी के अन्य नेता करेंगे।

अनुमति नहीं मिली तो गिरफ्तारी देने को तैयार कांग्रेस

कांग्रेस ने यात्रा को लेकर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि संविधान रक्षा यात्रा अपने तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ेगी। यात्रा का समापन हजरतगंज स्थित आंबेडकर चौराहे पर बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ किया जाएगा। राजेंद्र पाल गौतम ने अनुमति नहीं मिलने पर सवाल उठाते हुए कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे देश के वरिष्ठ और सम्मानित सांसदों में से एक हैं। उन्होंने यह भी सवाल किया कि हाल ही में लखनऊ में भाजपा नेता नितिन नवीन के कार्यक्रम को अनुमति कैसे मिल गई, जबकि कांग्रेस की यात्रा को मंजूरी नहीं दी गई। हालांकि, इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर भी कांग्रेस का अभियान

कांग्रेस की संविधान रक्षा यात्रा केवल संविधान दिवस का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इसे पार्टी के व्यापक राजनीतिक अभियान से भी जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के आरोपों को लेकर भाजपा सरकार तथा निर्वाचन आयोग पर लगातार सवाल उठा रही है। कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की है। पार्टी देशभर में संविधान रक्षा यात्राएं निकालने की योजना पर काम कर रही है। इन यात्राओं में नेता और कार्यकर्ता संविधान की प्रस्तावना का पाठ करेंगे और उसकी रक्षा करने की शपथ लेंगे। इसके साथ ही कांग्रेस ‘वोट रक्षक’ अभियान भी चलाएगी। इसके तहत पार्टी कार्यकर्ता मतदान केंद्रों पर जाकर मतदाता सूची से कथित तौर पर हटाए गए नामों की पहचान करेंगे और संबंधित लोगों को उनका मतदान अधिकार वापस पाने में मदद करेंगे।

खरगे के स्वागत की जोरदार तैयारी, लगाए गए होर्डिग

कांग्रेस अध्यक्ष के लखनऊ आगमन को लेकर पार्टी ने भी तैयारियां की हैं। कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य पीएल पूनिया ने बताया कि शहर में स्वागत द्वार और बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता, बूथ अध्यक्ष और पदाधिकारी खरगे के स्वागत के लिए मौजूद रहेंगे। पार्टी का दावा है कि कार्यक्रमों में बाधा डालने की कोशिशों के बावजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ है।

चर्चा में आंबेडकर महासभा परिसर 

खरगे के दौरे का एक अहम पड़ाव आंबेडकर महासभा परिसर है। यहां बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की अस्थियां रखी हुई हैं। आंबेडकर महासभा के अध्यक्ष लालजी प्रसाद निर्मल ने बताया कि कांग्रेस नेताओं ने उन्हें खरगे के सीधे हवाई अड्डे से परिसर पहुंचने की जानकारी दी है। उनके मुताबिक, लंबे समय बाद संविधान दिवस के अवसर पर यहां आने वाले खरगे पहले बड़े कांग्रेस नेता होंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस परिसर का दौरा कर चुके हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 2017 में पदभार संभालने के बाद से यहां 22 बार आ चुके हैं। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव भी यहां पहुंच चुके हैं।

लखनऊ में कई राजनीतिक कार्यक्रम, बढ़ी हलचल

लखनऊ में गुरुवार को राजनीतिक गतिविधियां भी काफी तेज हैं। मल्लिकार्जुन खरगे के दौरे के साथ ही समाजवादी पार्टी अपना घोषणापत्र जारी करने जा रही है। इसके अलावा एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के नेता चंद्रशेखर आजाद की पहली संयुक्त राजनीतिक रैली भी आयोजित होनी है। वहीं, भाजपा की ओर से भी लखनऊ में अहम बैठक किए जाने की संभावना है, जिसमें 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा हो सकती है।