लखनऊः उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के चुनावी घोषणा-पत्र को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने सपा के ‘जन-मन का मेनिफेस्टो’ पर निशाना साधते हुए इसे हवा-हवाई करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का यह प्रण-पत्र उसकी पीडीए राजनीति की तरह खोखला है और वास्तव में ‘धन-मन वादी’ है।
मायावती ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि सपा का घोषणा-पत्र ‘थोथा चना बाजे घना’ की कहावत को चरितार्थ करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का राजनीतिक रवैया गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के वास्तविक हितों, कल्याण, सम्मान और सुरक्षा के अनुकूल नहीं रहा है। उनके मुताबिक, पार्टी की नीतियों में संकीर्ण और जातिवादी सोच के साथ धन्नासेठों को प्राथमिकता मिलती रही है।
राज्यसभा चुनाव का भी किया जिक्र
बसपा प्रमुख ने हाल ही में उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए हुए द्विवार्षिक चुनाव का उल्लेख करते हुए सपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पीडीए को प्राथमिकता देने के बजाय पार्टी ने एक बड़े धन्नासेठ को तरजीह दी। मायावती ने सवाल उठाया कि ऐसी नीतियों और कार्यकलापों से प्रदेश में गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन और पलायन जैसी गंभीर समस्याएं कैसे दूर होंगी। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों में सपा का ‘जन-मन का मेनिफेस्टो’ वास्तव में ‘धन-मन वादी’ नजर आता है।
मायावती ने यह भी आरोप लगाया कि सपा चुनाव में समाज के अच्छे लोगों के बजाय धनवानों और बाहुबलियों को मैदान में उतारेगी, जिनकी प्राथमिकता जनहित के बजाय निजी लाभ और स्वार्थ होते हैं।
बसपा सरकारों की नीतियों का किया उल्लेख
अपने बयान में मायावती ने कहा कि ‘हर हाथ को काम’ और ‘कानून द्वारा कानून का राज’ बसपा की नीतियों और सिद्धांतों का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बसपा की चारों सरकारों के दौरान सर्वसमाज और सर्वजन हितैषी एजेंडे पर ईमानदारी और निष्ठा से काम किया गया।
उन्होंने सपा के साथ कांग्रेस और भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों के लिए ऐसा एजेंडा लागू करना संभव नहीं है। मायावती ने सपा पर एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण के प्रति विरोधी रवैया अपनाने तथा प्रदेश में जातिवादी द्वेष और दंगों का माहौल बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पार्टी के वादों और दावों को लेकर जनता को सतर्क रहने की जरूरत है।
अखिलेश ने संविधान दिवस पर जारी किया था प्रण-पत्र
गौरतलब है कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए संविधान दिवस पर पार्टी का चुनावी प्रण-पत्र जारी किया था। इसमें युवाओं को हर महीने पांच हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता देने, सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराने और महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने का वादा शामिल है।
इसके अलावा किसानों की कर्जमाफी, फसलों पर कानूनी न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी), पुरानी पेंशन योजना की बहाली, 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलितों के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण, 12वीं पास युवाओं को लैपटॉप देने और ग्रामीण विकास पर डेढ़ लाख करोड़ रुपये खर्च करने जैसे वादे भी किए गए हैं।
