दुबईः शेरफेन रदरफोर्ड की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर एमआई एमिरेट्स ने डीपी वर्ल्ड आईएलटी20 टूर्नामेंट में अबूधाबी नाइट राइडर्स को 36 रन से शिकस्त दी। जायद क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में इस जीत के साथ एमआई एमिरेट्स ने मौजूदा सीजन में अपनी दूसरी जीत दर्ज की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए एमआई एमिरेट्स ने निर्धारित ओवरों में चार विकेट खोकर 207 रन बनाए। टीम के लिए रदरफोर्ड ने महज 18 गेंदों पर 51 रन की तूफानी पारी खेली। वहीं, निकोलस पूरन 33 गेंदों पर 42 रन बनाकर नाबाद लौटे। मोहम्मद वसीम ने 41 और कुशल परेरा ने 33 रन का योगदान देकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
लक्ष्य से 36 रन दूर रह गई नाइट राइडर्स
208 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अबूधाबी नाइट राइडर्स की टीम निर्धारित ओवरों में सात विकेट पर 171 रन ही बना सकी। उसकी ओर से अलीशान शराफू और मोईन अली ने 36-36 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत दिलाने के लिए ये पारियां नाकाफी साबित हुईं।
एमआई एमिरेट्स की गेंदबाजी में फजलहक फारूकी और जहूर खान ने दो-दो विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई। फारूकी ने 43 रन और जहूर ने 38 रन देकर दो-दो विकेट हासिल किए। वहीं, राशिद खान ने किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में महज 13 रन दिए और एक विकेट झटका। उनकी गेंदबाजी ने नाइट राइडर्स के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा।
