दिल्ली। विदेश यात्रा पर जाने वालों के लिए व्हाट्सएप एक बड़ी सुविधा लाने की तैयारी में है। अब दूसरे देश में पहुंचने पर इंटरनेट कनेक्टिविटी के लिए न तो स्थानीय सिम कार्ड खरीदने की जरूरत होगी और न ही महंगे इंटरनेशनल रोमिंग प्लान की चिंता सताएगी। मेटा के स्वामित्व वाले इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp ने एक नई सुविधा की घोषणा की है, जिसके तहत यूजर्स सीधे ऐप के अंदर से ही इंटरनेशनल ट्रैवल के लिए डेटा e-SIM खरीद और इंस्टॉल कर सकेंगे।
कंपनी ने बृहस्पतिवार को अपने ब्लॉग पोस्ट में बताया कि इस सुविधा के आने के बाद यूजर्स विदेश में भी अपने मौजूदा फोन नंबर से व्हाट्सएप का इस्तेमाल जारी रख सकेंगे। खास बात यह है कि इसके लिए उन्हें ऐप से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
Jio समेत कई बड़ी कंपनियों के साथ साझेदारी
व्हाट्सएप इस नई सुविधा को शुरू करने के लिए कई प्रमुख ई-सिम प्रदाताओं और टेलीकॉम कंपनियों के साथ मिलकर काम कर रहा है। इनमें भारत की जियो के अलावा स्मार्ट एक्सियाटा, स्मार्ट कम्युनिकेशंस और वेरिजॉन जैसी कंपनियां शामिल हैं। कंपनी के मुताबिक, शुरुआत में इस सुविधा को चुनिंदा देशों में लॉन्च किया जाएगा। हालांकि, अभी तक उन देशों के नाम, लॉन्च की तारीख और ई-सिम की कीमतों का खुलासा नहीं किया गया है।
ये भी पढ़ें : हिंद महासागर के भविष्य पर दिल्ली में महामंथन : भारत की मेजबानी में जुटेंगे 23 सदस्य देश और 12 संवाद भागीदार
बस कुछ टैप में मिलेगा विदेश में इंटरनेट
व्हाट्सएप का कहना है कि नई सुविधा के जरिए अंतरराष्ट्रीय यात्रा के दौरान यूजर्स ऐप से बाहर निकले बिना कुछ ही टैप में डेटा ई-सिम खरीद और इंस्टॉल कर सकेंगे। कंपनी इसे मैसेज भेजने जितना आसान बनाना चाहती है। इसका सबसे बड़ा फायदा उन लोगों को मिलेगा, जो विदेश यात्रा के दौरान इंटरनेट के लिए स्थानीय सिम कार्ड खरीदने, एयरपोर्ट पर सिम कियोस्क तलाशने या वाई-फाई वाले कैफे खोजने की परेशानी से बचना चाहते हैं। ई-सिम के जरिए यूजर्स को इंटरनेट कनेक्टिविटी मिलेगी और वे अपने मौजूदा नंबर पर व्हाट्सएप का इस्तेमाल जारी रख सकेंगे। इससे महंगे रोमिंग शुल्क से बचने का विकल्प भी मिल सकता है।
कुणाल शाह ने बताया कंपनी का नया मिशन
व्हाट्सएप के प्रमुख कुणाल शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर इस पहल को ई-सिम के क्षेत्र में कंपनी की शुरुआती कोशिश बताया। उन्होंने लिखा, ”क्या हो अगर आप दुनिया में कहीं भी जाएं और व्हाट्सएप बिना किसी परेशानी के काम करे।” उन्होंने इस मिशन में दुनिया भर के साझेदारों को जुड़ने का आमंत्रण भी दिया।
दुनिया के 3 अरब से ज्यादा यूजर्स को मिल सकता है फायदा
कंपनी के मुताबिक, दुनियाभर में व्हाट्सएप के तीन अरब से अधिक यूजर्स हैं। ऐसे में कंपनी की यह नई पहल अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए डिजिटल कनेक्टिविटी का अनुभव बदल सकती है। हालांकि, यह सुविधा कब और किन देशों में उपलब्ध होगी, इसकी जानकारी सामने आना अभी बाकी है। लेकिन इतना साफ है कि व्हाट्सएप अब सिर्फ मैसेजिंग ऐप तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि यात्रा के दौरान इंटरनेट कनेक्टिविटी के क्षेत्र में भी अपनी मौजूदगी बढ़ाने की तैयारी कर रहा है।
