बिना लाइसेंस चल रहे गोदाम पर खाद्य विभाग का छापा, 6.72 लाख का 9,255 लीटर एसिटिक एसिड सीज

# ## Kanpur Zone

कानपुर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावट और बिना लाइसेंस संचालित हो रहे खाद्य पदार्थों के भंडारण व आपूर्ति के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने टीपी नगर स्थित पारिख एजेंसी के गोदाम पर छापा मारकर करीब 6.72 लाख रुपये कीमत का 9,255 लीटर एसिटिक एसिड सीज कर दिया, जिससे संबंधित क्षेत्रों के कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

विनेगर के सैंपल फेल होने के बाद टीपी नगर में पड़ा छापा

विभागीय अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई पहले लिए गए विनेगर के नमूनों के जांच में फेल होने के बाद की गई है। पूर्व में रूमा स्थित कनिष्का ट्रेडर्स से विनेगर के सैंपल संग्रहीत किए गए थे, जिनकी जांच रिपोर्ट में मानकों के विपरीत परिणाम आने पर सप्लाई चेन की पड़ताल करते हुए टीपी नगर स्थित पारिख एजेंसी के गोदाम पर दबिश दी गई

बिना वैध लाइसेंस चल रहा था कारोबार, नए सैंपल भी भरे गए

छापेमारी के दौरान पाया गया कि संबंधित गोदाम में बिना वैध खाद्य लाइसेंस के कारोबार संचालित किया जा रहा था। टीम ने मौके से 9,255 लीटर एसिटिक एसिड सीज करने के साथ गोदाम से कैरेमल कलर और विनेगर के नए सैंपल भी जांच के लिए लिए हैं, जबकि वैध लाइसेंस प्राप्त होने तक संबंधित खाद्य कारोबार के संचालन पर रोक लगा दी गई है।