दिल्ली। हिंद महासागर क्षेत्र में अपनी रणनीतिक भूमिका मजबूत करने और समुद्री सहयोग को नई दिशा देने के लिए भारत शुक्रवार, 27 नवंबर को नई दिल्ली में हिंद महासागर रिम एसोसिएशन IORA की 25वीं मंत्रिपरिषद COM बैठक की मेजबानी करेगा। इस अहम बैठक में 23 सदस्य देशों और 12 संवाद भागीदार देशों के मंत्री एवं वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा लेंगे। बैठक में हिंद महासागर क्षेत्र की सुरक्षा, स्थिरता, आर्थिक सहयोग और सतत विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।
इस उच्चस्तरीय बैठक में हिस्सा लेने के लिए श्रीलंका के विदेश, विदेश रोजगार एवं पर्यटन मंत्री विजिथा हेराथ भी दिल्ली पहुंच चुके हैं। मंत्रिपरिषद की बैठक से पहले 25 और 26 नवंबर को वरिष्ठ अधिकारियों की समिति (CSO) की 29वीं बैठक आयोजित की जा रही है।
हिंद महासागर के भविष्य की रणनीति तय करेगा भारत
विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सामरिक और आर्थिक महत्व तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में सदस्य देश IORA की भावी नीतियों और क्षेत्रीय सहयोग को मजबूत करने के नए रास्तों पर विचार-विमर्श करेंगे। बैठक का प्रमुख उद्देश्य मौजूदा सहयोग ढांचे की समीक्षा करना और समुद्री क्षेत्र में सहयोग के नए अवसर तलाशना है। गौरतलब है कि भारत वर्ष 2025 से 2027 तक IORA की अध्यक्षता कर रहा है। इस दौरान भारत ने ‘हिंद महासागर क्षेत्र में नवाचार, खुलापन, लचीलापन और अनुकूलनशीलता’ को अपनी अध्यक्षता का प्रमुख मंत्र बनाया है।
‘महासागर’ विजन से मजबूत होगी समुद्री साझेदारी
भारत इस बैठक के जरिए अपने महत्वाकांक्षी ‘MAHASAGAR’ विजन के प्रति प्रतिबद्धता भी दोहराएगा। इसका पूरा अर्थ है- क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र उन्नति। इस पहल के माध्यम से भारत एक ऐसे हिंद महासागर क्षेत्र की कल्पना को आगे बढ़ाना चाहता है, जहां सभी देशों के बीच सहयोग हो, समुद्री मार्ग सुरक्षित रहें और नियम-आधारित समुद्री व्यवस्था को मजबूती मिले। बैठक में शांति, स्थिरता, पूर्वानुमान और सतत विकास को क्षेत्रीय साझेदारी के प्रमुख आधार के रूप में रेखांकित किया जाएगा।
क्या है IORA और क्यों अहम है इसकी बैठक?
हिंद महासागर रिम एसोसिएशन (IORA) एक क्षेत्रीय संगठन है, जिसका उद्देश्य हिंद महासागर से जुड़े देशों के बीच आर्थिक, व्यापारिक और समुद्री सहयोग को बढ़ावा देना है। इसका सर्वोच्च निर्णय लेने वाला निकाय मंत्रिपरिषद (COM) है, जिसमें सदस्य देशों के विदेश मंत्री शामिल होते हैं। यह संगठन की नीतियां और रणनीतिक दिशा तय करने के साथ-साथ सहयोग की प्रगति की समीक्षा करता है। वहीं, वरिष्ठ अधिकारियों की समिति (CSO) संगठन का दूसरा सबसे बड़ा निर्णय लेने वाला निकाय है। यह मंत्रिपरिषद के फैसलों को लागू करने, आर्थिक सहयोग की प्राथमिकताएं तय करने और विभिन्न कार्यक्रमों की निगरानी एवं समन्वय का काम करती है।
23 सदस्य देश और 12 संवाद भागीदार होंगे शामिल
IORA में भारत समेत 23 सदस्य देश हैं। इनमें ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंडोनेशिया, ईरान, केन्या, मेडागास्कर, कोमोरोस, फ्रांस, मलेशिया, मालदीव, मॉरीशस, मोजांबिक, ओमान, सेशेल्स, सिंगापुर, सोमालिया, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, तंजानिया, थाईलैंड, संयुक्त अरब अमीरात और यमन शामिल हैं। इसके अलावा चीन, मिस्र, यूरोपीय संघ, जर्मनी, इटली, जापान, दक्षिण कोरिया, रूस, सऊदी अरब, तुर्किये, ब्रिटेन और अमेरिका समेत 12 संवाद भागीदार भी संगठन से जुड़े हैं।
