दिव्या मित्तल के बाद एक और अफसर का इस्तीफा: राज्य कर विभाग की डिप्टी कमिश्नर का VRS मंजूर, सिधौली से चुनाव लड़ने की चर्चा तेज

# ## Lucknow

लखनऊः राज्य कर विभाग की डिप्टी कमिश्नर अनुपम सरोज को शासन ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) दे दी है। राज्य कर अनुभाग-1 की ओर से 28 अक्टूबर को जारी कार्यालय आदेश के मुताबिक, उन्हें 31 अक्टूबर 2026 से सेवानिवृत्त माना गया है। उनके वीआरएस मंजूर होने के बाद अब राजनीतिक गलियारों में उनके सक्रिय राजनीति में आने की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार, अनुपम सरोज ने 11 जून 2026 को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए आवेदन किया था। इसके बाद राज्य कर मुख्यालय ने 17 जुलाई को उनका आवेदन शासन को भेज दिया। 21 अक्टूबर को ई-मेल के माध्यम से किए गए अनुरोध पर शासन स्तर पर विचार किया गया, जिसके बाद उनका वीआरएस आवेदन मंजूर कर लिया गया।

सिधौली सीट से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की अटकलें

अनुपम सरोज के सरकारी सेवा से हटने के बाद उनके चुनावी राजनीति में उतरने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। चर्चा है कि वह सीतापुर जिले की सिधौली विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ सकती हैं। यह सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। हालांकि, उनके चुनाव लड़ने या सपा की ओर से उम्मीदवारी को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

राजनीतिक परिवार से है नाता

अनुपम सरोज राजनीतिक परिवार से जुड़ी हैं। वह समाजवादी पार्टी की पूर्व सांसद सुशीला सरोज की बेटी हैं। उनके पति अनुराग भदौरिया भी समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता हैं। ऐसे में सरकारी सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद उनके राजनीति में आने की अटकलों को अहम माना जा रहा है।