Diwali in White House: ट्रंप ने मनाई दिवाली, भारतीय मूल की दिग्गज हस्तियों के साथ जलाया दीप

# ## International

वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को अपने कार्यालय ओवल ऑफिस में भारतीय मूल के अमेरिकी अधिकारियों, उद्यमियों और बड़ी कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ दिवाली का पर्व मनाया। इस खास मौके पर ट्रंप ने दीप प्रज्वलित कर समारोह की शुरुआत की। भारतीय संस्कृति और अमेरिका-भारत की दोस्ती के रंग में रंगे इस आयोजन में कई जानी-मानी हस्तियों की मौजूदगी ने इसे खास बना दिया।

भारतीय मूल की कई दिग्गज हस्तियां रहीं मौजूद

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस स्थित अपने कार्यालय ओवल ऑफिस में भारतीय मूल के अमेरिकी अधिकारियों, उद्यमियों और दिग्गज कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ दिवाली मनाई। इस खास समारोह में अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा, मशहूर शेफ विकास खन्ना और उद्यमी विशाल गोंडल शामिल हुए। इनके अलावा आईबीएम के सीईओ अरविंद कृष्णा, माइक्रोन टेक्नोलॉजी के संजय मेहरोत्रा, एफबीआई निदेशक काश पटेल और अमेरिकी राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान (एनआईएच) के निदेशक जय भट्टाचार्य ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।

राष्ट्रपति ट्रंप ने दीप जलाकर समारोह की शुरुआत की। इस दौरान विदेश मंत्री मार्को रुबियो और सामाजिक सुरक्षा प्रशासन के उप आयुक्त अर्जुन मोदी समेत कुछ चुनिंदा लोग मौजूद थे। समारोह में धल्ला ग्रुप ऑफ कंपनीज के अध्यक्ष एवं सीईओ रूबी धल्ला, नैक सिस्टम्स के संस्थापक एवं सीईओ राजीव शर्मा, केशवम डीसी के अध्यक्ष विश्वजीत मल्लमपति और राष्ट्रपति के अतिथि हेतलकुमार पटेल भी शामिल हुए। अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय व्हाइट हाउस में आयोजनों के प्रबंधन और संचालन से जुड़े अशर अरविंद चड्ढा भी इस समारोह में मौजूद थे।

 ट्रंप को भेंट की हनुमान चालीसा

जीओक्यूआईआई टेक्नोलॉजीज के संस्थापक एवं सीईओ विशाल गोंडल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”ओवल ऑफिस में साझा रोशनी का एक यादगार पल।” उन्होंने कहा, ”राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ दिवाली मनाना मेरे लिए सम्मान की बात है। उन्हें हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट कर मुझे गर्व महसूस हुआ। यह तुलसीदास द्वारा रचित भगवान हनुमान की स्तुति है, जिसका पाठ हमारे समुदाय के लाखों लोग साहस, भक्ति और शक्ति प्राप्त करने के लिए करते हैं।”

2003 में शुरू हुई थी व्हाइट हाउस में दिवाली मनाने की परंपरा

समारोह की तस्वीरें साझा करते हुए गोंडल ने कहा कि जब दीप जलाए जा रहे थे, तब उन्होंने भारत और अमेरिका के बीच मित्रता तथा अंधकार पर प्रकाश की जीत के लिए प्रार्थना की। राष्ट्रपति द्वारा दिवाली मनाए जाने की परंपरा की शुरुआत पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू. बुश ने 2003 में की थी। शुरुआत में ये समारोह ज्यादातर ‘आइजनहावर एक्जीक्यूटिव ऑफिस बिल्डिंग’ में आयोजित किए जाते थे, जिनमें भारतीय-अमेरिकी समुदाय के सदस्य और भारतीय राजनयिक शामिल होते थे।पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा 2009 में ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) में दीप जलाने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बने थे। उन्होंने ‘ईस्ट रूम’ में आयोजित एक समारोह के दौरान दीप प्रज्वलित किया था। इसके बाद से ‘व्हाइट हाउस’ के अलग-अलग हिस्सों में दीप प्रज्वलन समारोह आयोजित किए जाते रहे हैं। इनमें ‘ओवल ऑफिस’ और ‘रूजवेल्ट रूम’ भी शामिल हैं।