Bareilly News: खराब मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान को कूड़े में न फेंकें, रेलवे ने किया जागरूक

# ## Bareilly Zone
घर में खराब पड़े मोबाइल, चार्जर, कंप्यूटर और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सामान्य कूड़े में फेंकना पर्यावरण के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इसी को लेकर पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने लोगों को जागरूक करने की पहल की है। ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल सप्ताह-2026 के तहत शुक्रवार को विभिन्न स्टेशनों पर ई-वेस्ट के उचित प्रबंधन और सुरक्षित निस्तारण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान रेलकर्मियों ने रैली निकालकर यात्रियों और रेल उपयोगकर्ताओं को इलेक्ट्रॉनिक कचरे से होने वाले नुकसान की जानकारी दी।

अभियान के दौरान रेल कर्मचारियों ने यात्रियों से अपील की कि खराब इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सीधे फेंकने के बजाय उनकी मरम्मत कराकर दोबारा इस्तेमाल करने को प्राथमिकता दें। इससे उपयोगी सामान की बर्बादी कम होगी और इलेक्ट्रॉनिक कचरे का बोझ भी घटेगा। वहीं, पूरी तरह अनुपयोगी हो चुके उपकरणों को सामान्य कूड़े में डालने के बजाय अधिकृत ई-वेस्ट संग्रहण और पुनर्चक्रण केंद्रों तक पहुंचाने की सलाह दी गई।

रेलवे कर्मचारियों ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के अनुचित निस्तारण से पर्यावरण को नुकसान पहुंच सकता है। ऐसे में ई-वेस्ट का सुरक्षित संग्रहण और वैज्ञानिक तरीके से पुनर्चक्रण जरूरी है। अभियान का उद्देश्य लोगों में जिम्मेदार जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।